स्थानीय

बूथ कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की ताकत है : प्रकाश जावड़ेकर

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि नागरिकता कानून के खिलाफ दिल्ली में भड़की हिंसा के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जिम्मेदार है। दोनों ही राजनीतिक दल के नेता हिंसा रोकने की जगह लोगों में भ्रम फैलाकर उकसाने का काम करते रहे और आज तक दिल्ली में हुई हिंसा पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रेस वार्ता में जहां झूग्गी, वहीं मकान- का फॉर्म जारी किया जो कच्ची कॉलोनियों में डीडीए स्टॉल लगाकर देगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू, राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक तरुण चुघ, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, मीडिया प्रभारी प्रत्यूष कंठ, सह प्रभारी नीलकांत बख्शी, प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते श्री जावड़ेकर ने कहा कि ये देश की तरक्की का वर्ष है और पहला चुनाव दिल्ली का है जिसमें सकारात्मक एजेंडे के साथ भारतीय जनता पार्टी विजय हासिल करेगी। दिल्ली के लिए मोदी जी ने बहुत काम किया है जो आने वाले चुनाव में हम दिल्ली के लोगों के सामने रखेंगे। पांच साल में क्या करेंगे वो भी दिल्ली के सामने रखेंगे और पांच सालों में क्या काम नहीं हुए वो भी दिल्ली को बताएंगे। हमारा मुख्य मुद्दा दिल्ली का पूर्ण विकास रहेगा जिसके लिए हम हमेशा काम करते आए हैं। यह लड़ाई झूठ बनाम सच की है, अराजकता बनाम राष्ट्रवाद की है। भाजपा सच्चाई और राष्ट्रवाद के साथ है जबकि आम आदमी पार्टी झूठ और अराजकता के साथ खड़ी है। इसी उद्देश्य के साथ 5 जनवरी को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा क्योंकि बूथ का कार्यकर्ता ही भारतीय जनता पार्टी की ताकत है। इस सम्मेलन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे।
आम आदमी पार्टी को झूठ और कांग्रेस को कनफ्यूज पार्टी बताते हुए जावेड़कर ने कहा कि दिल्ली में जामिया, सीलमपुर और जामा मस्जिद में अल्पसंख्यकों को गुमराह करके आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान, इशराक खान, कांग्रेस के पूर्व विधायक असीम खान, मतीन अहमद ने हिंसा भड़काने में मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने अल्पसंख्यों में यह भ्रम फैलाया कि नागरिकता कानून लागू होने के बाद अजान पर रोक लग जाएगी, मस्जिदों से माइक उतार दिए जाएंगे और बुर्का पहनने और टोपी लगाने पर रोक लगा दी जाएगी। दिल्ली में ऐसा जहरीला प्रचार करके अल्पसंख्यों में झूठ फैलाया गया जिसके कारण हिंसा भड़की लेकिन दिल्ली के लोग समझदार हैं इसलिए बहुत जल्दी ही इनके झूठ का पर्दाफाश हो गया।

Translate »