स्थानीय

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए कार्य करने के निर्देश दिये :राजेंद्र पाल गौतम

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और पूर्व में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। पिछली सरकार में महिला और बाल विकास मंत्रालय उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास था। नई सरकार में यह विभाग पहली बार कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने विभाग के सचिव, निदेशकों और महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य महिला और बाल विकास विभाग द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा था। साथ ही सामाज कल्याण मंत्रालय की ओर से नई नीतियों और योजनाओं के किर्यान्वयन पर विचार विमर्श करना था। कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने बैठक के दौरान कहा कि गारंटी कार्ड में, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। अगले पांच साल में हम राजधानी में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए कार्य करेंगे।
कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के अलावा, दिल्ली में बच्चों के लिए नशीले पदार्थ व दवाओं के दुरुपयोग को समाप्त करने पर मुख्य जोर दिया जाए। दिल्ली में नशीली दवाओं का दुरुपयोग एक गंभीर समस्या बन गई है। किशोर और युवा वयस्कों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग की अधिक संभावना होती है। दिल्ली में इस समस्या से निपटने के लिए जागरूकता अभियान की जरूरत है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि मादक दवाओं की समस्या से निपटने के लिए लोगों को शिक्षित करने की जरूरत है। साथ ही खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में युवाओं को शामिल करके इस समस्या पर रोकथाम लगाई जा सकती है।
बच्चों की देखभाल के सम्बन्ध में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने बच्चों में कुपोषण से निपटने के लिए विशेष बल देने को कहा।
राजेन्द्र पाल गौतम को पहली बार महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वह नई जिम्मेदारी को सही तरीके से निभाने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहते हैं।

Translate »