स्थानीय

17 मई तक रेड जोन में ही रहेगी दिल्ली : सत्येंद्र जैन

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन शनिवार को बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार अगर 10 से ज्यादा कोरोना के ​केस किसी जिले में हैं तो उसको रेड जोन माना जाता है। दिल्ली में 11 जिले हैं और सभी रेड जोन में आते हैं। रेड जोन के अंदर जो-जो छूट दी गई हैं वो सारी लागू होंगी।
सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के सभी 11 जिले 17 मई तक रेड जोन में रहेंगे। इस दौरान उन्होंने लोगों से लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने की अपील भी की।
केंद्र सरकार ने तीसरे चरण के लॉकडाउन की भी घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय ने बताया है कि चार मई से अगले दो हफ्तों तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। मंत्रालय ने कहा है कि कोविड 19 को लेकर देश में हालात की समीक्षा के बाद यह अहम फैसला किया गया है। लॉकडाउन के तीसरे चरण के लिए नई गाइडलाइंस जारी होगी। इस नई गाइडलाइंस में रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में बांटे जिलों में होने वाली गतिविधियों को लेकर सूचना दी जाएगी। ग्रीन और ऑरेंज जोन वाले जिलों को लॉकडाउन के दौरान कुछ रियायतें भी मिलेंगी। ग्रीन जोन में वे जिले रखे जाएंगे, जहां पिछले 21 दिनों से कोई नया केस नहीं मिलेगा। गृह मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा समय में जिन गतिविधियों के लिए अनुमति मिली है, उसके लिए अलग से कोई अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 24 मार्च को पहली बार 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी। 14 अप्रैल को प्रथम चरण का लॉकडाउन खत्म होने पर फिर से उसे बढ़ाकर तीन मई तक कर दिया गया था। मगर कोविड 19 का खतरा नहीं टलने के कारण केंद्र सरकार ने अब तीसरे चरण के लॉकडाउन की घोषणा की है। हालांकि तीसरे चरण में रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में जिलों को बांटा जाएगा।
गृहमंत्रालय ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा है कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत अधिकारों का प्रयोग करते हुए लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की गई है। रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन के जिलों के बारे में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से साप्ताहिक आधार पर संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सूचना दी जाएगी।

223 नए मरीज सामने आए, दो की मौत

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 223 मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई। यह पिछले छह दिन में तीसरी बार है जब कोरोना के 200 से अधिक संक्रमित मरीज सामने आए हैं। हालांकि, शुक्रवार को दिल्ली में 73 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद छुट्टी मिल गई। दिल्ली में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3738 हो चुकी है और1167 संक्रमित मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है।
कुल 61 की मौत : वहीं अब तक दिल्ली में 61 मरीजों की मौत हो चुकी है। विभाग के अनुसार दिल्ली में अभी 2510 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 869 मरीज दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती है। इनमें से 49 आईसीयू पर और 5 वेंटिलेटर पर हैं। वहीं 767 मरीज दिल्ली में कोविड केयर सेंटर में और 149 कोविड मेडिकल सेंटर में भर्ती किया गया है।
दिल्ली के 11 जिलों में 100 के करीब कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं जिनमें 5.17 लाख लोगों की आबादी है। यहां अब तक 383 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक यहां सिर्फ सात हजार सैंपल की जांच हो पाई है।
(साभार : नवभारत टाइम्स)

Translate »