स्थानीय

दिल्ली में कोरोना का खौफ बढ़ा, पॉजिटिविटी रेट हुआ डबल

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा देशभर में बढ़ता जा रहा है। इस बीच दिल्ली से जुड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पता चला है कि दिल्ली का कोरोना पॉजिटिविटी रेट डबल हो गया है। मतलब टेस्टिंग में पहले जितने लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे थे उनका नंबर अब डबल हो गया है। पॉजिटिविटी रेट के मामले में महाराष्ट्र की स्थिति सबसे खराब है। वहीं दिल्ली की स्थिति अब गुजरात से खराब हो रही है। पॉजिटिविटी रेट का मतलब है प्रति 100 टेस्ट पर कितने केस कंफर्म मिले। देश में भी यह प्रतिशत 5 से बढ़कर 6.41 हो गया है।

7 प्रतिशत से 14 पर पहुंचा पॉजिटिविटी रेट
दिल्ली की बात करें तो पॉजिटिविटी रेट 7-21 मई के बीच 7 प्रतिशत था। फिर 19 मई से 1 जून के बीच यह 14 प्रतिशत पर आ गया। इस लिस्ट में सबसे आगे महाराष्ट्र हैं जहां का पॉजिटिविटी रे 18 प्रतिशत तक है। वहां हर पांच टेस्ट में एक शख्स पॉजिटिव निकल रहा है। महाराष्ट्र के केसों में मुंबई की हिस्सेदारी बड़ी है। गुजरात के पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह 9 प्रतिशत से घटकर 8 पर आ गया है। दूसरे राज्यों की बात करें तो बिहार की स्थिति भी खराब है। वहां यह रेट 5 से बढ़कर 9 हो गया है। महाराष्ट्र के बाद दिल्ली और बिहार में कोरोना केसों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है।

दिल्ली में अबतक 23 हजार से ज्यादा मरीज
पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोविड संक्रमण के रिकॉर्ड 1513 नए मामले आए हैं। एक नए रिकॉर्ड के साथ अब दिल्ली में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 23,625 तक पहुंच गया है। इसके साथ अब दिल्ली में इस संक्रमण की वजह से 606 लोगों की जान जा चुकी है। कोविड से मरने वालों का औसत 2.5 पर्सेंट तक पहुंच गया है। वहीं बुधवार को 299 मरीज रिकवर हुए और अब तक कुल 9,542 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार अभी दिल्ली में कुल 13,497 मरीज एक्टिव हैं। अभी दिल्ली में 8,405 पॉजिटिव मरीज अपने घरों में हैं और अब तक दिल्ली में कुल 2,23,607 सैंपल की जांच की जा चुकी है।
(साभार : नवभारत टाइम्स)

Translate »