स्थानीय

दिल्ली के विकास में सबसे बड़ा योगदान स्व. श्री मदन लाल खुराना का है : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली । दिल्ली के पुजारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री मदन लाल खुराना जी की जयंती पर मानसरोवर गार्डन में उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं नई दिल्ली से सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी की उपस्थिति में नक्षत्र वाटिका एवं खेल परिसर का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के उपरांत मानसरोवर गार्डन में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर नई दिल्ली से सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, उत्तरी दिल्ली नगर निगम महापौर जय प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सुनील यादव, अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, प्रदेश प्रवक्ता हरीश खुराना, पूर्व विधायक  सुभाष सचदेवा, करोल बाग जिला अध्यक्ष राजेश गोयल, निगम पार्षद श्रीमती वीना विरमानी, रमेश नगर मंडल अध्यक्ष राहुल गुप्ता सहित दिल्ली व मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री मदन लाल खुराना की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर दिल्ली के विकास में उनके पुनीत कार्यों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विकास के पथ पर अग्रसर करने में सबसे बड़ा योगदान खुराना जी का है। भाजपा की पहली दिल्ली सरकार में खुराना जी नेतृत्व मे दिल्ली के महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए उसका लाभ आज भी दिल्लीवासी उठा रहे, जैसे दिल्ली में विधवा पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड संहित जन कल्याणकारी योजना शुरू करना। दिल्ली वासियों की सेवा में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, ऐसे महान व्यक्तित्व को हम कोटि-कोटि नमन करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री खुराना की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि सामान्य परिवार में जन्मे श्री मदन लाल खुराना जी एक महान राजनेता व जनसेवक थे। उनके जीवन का क्षण-क्षण निस्वार्थ भाव से दिल्ली की जनता के विकास व सशक्तिकरण के प्रति समर्पित था। उनका अद्वितीय व्यक्तित्व हमेशा सभी को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि खुराना जी को दिल्ली का शेर कहा जाता था क्योंकि वह दिल्ली वासियों की आवाज थे।
सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मोती नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार की तरह काम करता है और एक दूसरे को पहचानता है क्योंकि इस विधानसभा क्षेत्र की नींव स्वयं खुराना जी ने रखी थी। खुराना जी के नेतृत्व में दिल्ली में भाजपा की सरकार थी और सब ने बहुत ही मेहनत कर भाजपा को मजबूत बनाने का काम किया। आज खुराना जी की जयंती पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा शुरू किया जा रहा नक्षत्र वाटिका एवं खेल परिसर एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि खुराना जी ऐसे मुख्यमंत्री थे जिन्होंने दिल्ली के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया। प्रशासन को जनता की सेवा में कैसे लगाया जाता है और राजनीति को समाज परिवर्तन के लिए कैसे उपयोग किया जाता है, वह खुराना जी के कुशल कार्य प्रणाली में साफ-साफ दिखता था। आज वह हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी स्मृतियां सदैव हमारे साथ है और उनके दिखाए हुए पथ पर चलकर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में संगठित रूप से काम करती रहेगी।
कार्यक्रम से पूर्व दिल्ली के सेवक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री मदन लाल खुराना जी के जन्म जयंती पर केंद्रीय मंत्री व सांसद डा. हर्षवर्धन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार सहित प्रदेश पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

Translate »