स्थानीय

स्वेच्छिक रक्तदान जरूरतमंद लोगों की जान बचाता है और आपको भी स्वस्थ रखता है : डॉ. हर्ष वर्धन 

नई दिल्ली । रक्तदान महादान होता है और ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वेच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार और दिल्ली भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रूखड़ सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन बहुत ही सराहनीय कदम है। कोरोना काल में ब्लड बैंक में स्वच्छ रक्त की कमी आ गई थी और जैसे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा को यह जानकारी मिली, उन्होंने अगले 48 घंटे में ही रक्तदान शिविर का आयोजन करवाया जिसमें ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि देश में स्वेच्छिक रक्तदान के लिए सात्विक भाव से ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ेंगे तो, रक्त की कमी से बीमारियों से ग्रसित लोगों को जीवनदान मिलेगा। 16-65 वर्ष के बीच के सभी लोग हर 3 महीने में एक बार स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं। स्वेच्छिक रक्तदान से बड़ा पुण्य का काम कोई भी नहीं है। समय-समय पर रक्तदान करने वाला व्यक्ति कई बीमारियों से मुक्त रहता है। रक्तदान करके हम किसी की जिंदगी बचा सकते हैं और दूसरों को भी सेवा कार्यों की प्रेरणा दे सकते हैं।

आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल में जब भी दिल्ली वासियों को जब भी लोगों की आवश्यकता हुई पार्टी कार्यकर्ता ने हमेशा आगे आकर उनकी  सहायता की और भोजन, राशन, मास्क और सैनिटाइज़र वितरित करके लोगों की मदद की। भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद की प्रेरक भावना, देशभक्ति माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से आती है। उन्होंने बताया कि यह एक गर्व का क्षण था जब रेड क्रॉस सोसाइटी ने इस सामूहिक रक्तदान अभियान को आयोजित करने के लिए दिल्ली भाजपा से संपर्क किया। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस आयोजन को एक सफल कार्यक्रम बनाया और 500 यूनिट रक्त दान कर लोगों के जीवन को बचाने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया जो स्वेच्छिक रक्तदान करने और लोगों की मदद करने के लिए आगे आए। कोरोना महामारी में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छिक रक्तदान कर यह साबित किया है कि वह जनसेवा के लिए कटिबद्ध है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प किया है कि वह आगे भी इस तरह की कठिनाई से निपटने के लिए आगे आएंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।

 

Translate »