स्थानीय

उपमुख्यमंत्री ने विश्वस्तरीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का उद्घाटन किया

नई दिल्ली। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सर्वोदय बाल विद्यालय, अशोक नगर में विश्वस्तरीय एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हमने खिलाडिय़ों के लिए तमाम सुविधाओं का इंतजाम कर दिया है। अब खिलाडिय़ों और कोचेज से अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाकर देश के लिए मैडल लाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने होनहार खिलाडिय़ों को हर मदद देने का निर्देश दिया है ताकि सुविधाओं और पैसों के अभाव में कोई प्रतिभा पीछे न रह जाए। इस मौके पर ओलिंपिक पदक विजेता खिलाड़ी सुशील कुमार भी मौजूद थे।
श्री सिसोदिया ने कहा कि इस विश्वस्तरीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान को बनाने में टैक्सपेयर्स के 5.78 करोड़ रूपए लगे हैं। इस मैदान में खिलाडिय़ों को खेलने का अवसर मिले, तो यह पैसा वसूल हो जाएगा। लेकिन अगर यहां से देश के लिए अच्छे खिलाड़ी न निकलें, तो पैसा बेकार जाएगा। इसलिए स्कूल और खेल अधिकारियों की जिम्मेवारी है कि खिलाडिय़ों को इस मैदान के उपयोग की पूरी सुविधा मिले। श्री सिसोदिया ने कहा कि इस मैदान को सरकारी नियमों का शिकार न बनने दें। खिलाडिय़ों की सुविधा और जरूरत के अनुसार नियम बनाए जाएं। किसी नियम में बदलाव की जरूरत हो, तो सरकार उसके लिए तैयार है।
श्री सिसोदिया ने कहा कि खेल की सुविधाएं देने के मामले में हमें लचीला होना पड़ेगा। लेकिन खेल की तैयारियों में खिलाडिय़ों को सभी अनुशासन का पालन करना होगा ताकि उनकी प्रतिभा का विकास हो। श्री सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में हम ऐसे चार विश्वस्तरीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान बना रहे हैं। आज यह तीसरा मैदान है। घुम्मनहेड़ा और झिलमिल में भी ऐसे मैदान बने हैं। चार सौ मीटर के चार रेसिंग ट्रेक और विश्वस्तरीय स्वीमिंग पुल भी बनाए गए हैं। इन सुविधाओं के कारण दिल्ली के सरकारी स्कूलों का खेलों में प्रदर्शन बेहतर हुआ है और मैडल लाने का ग्राफ बड़ा है।
श्री सिसोदिया ने कहा कि विश्वप्रसिद्ध हाकी खिलाड़ी ध्यानचंद और धनराज पिल्लई भी ऐसे ही मैदानों से निकले हैं। अब इन मैदानों से कुछ अच्छी खेल प्रतिभाएं निकलकर आएं और हमारे सपनों को साकार करें।

Translate »