स्थानीय

स्वामी दयानंद अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण किया

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज दिलशाद गार्डन स्थित स्वामी दयानंद अस्पताल में पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा नये ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण किया। स्वामी दयानंद अस्पताल में आयोजित लोकार्पण समारोह में आदेश गुप्ता ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी नगर निगम के अस्पताल बेहतर सुविधा दे रहे हैं। इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम महापौर निर्मल जैन सहित निगम और अस्पताल के अधिकारी भी साथ रहे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि नए ऑपरेशन थिएटर से मरीजों को सहूलियत और सुविधाएं मिलेंगी। विपरीत परिस्थितियों में भी निगम ने स्वामी दयानंद अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर बनवाकर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नगर निगम दिल्ली के लोगों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने और दिल्ली में स्वास्थ सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दिल्ली कोरोना महामारी से लड़ रही थी तब नगर निगम के अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना योद्धा बनकर प्रतिबद्धता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और आज भी कर रहे हैं, इसके लिए डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य कर्मियों का जितना आभार किया जाए कम है। आदेश गुप्ता ने कहा कि स्वामी दयानंद अस्पताल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस है जहां हर गरीब और जरूरतमंद अपना इलाज करवा सकता है। उन्होंने निगम कर्मी कोरोना योद्धा कमलेश को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि जमीन पर अगर किसी ने दिल्ली वासियों के हित में कार्य किया है और कर रहे हैं वह निगम है। जिसका उत्कृष्ट उदाहरण हमें कोरोना संकट देखने को मिला जब निगम के सफाई सैनिकों ने अपने स्वास्थ्य, जान की परवाह किए बगैर दिल्ली को साफ रखने का काम किया।  उन्होने  कहा कि  केजरीवाल सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर दिल्ली के विकास और जन सेवा के लिए निगमों का बकाया 13000 करोड़ रुपए तत्काल प्रभाव से दे देना चाहिए ताकि निगम दिल्ली वासियों को बेहतर से बेहतर सुविधा और सेवा दे सके।

महापौर निर्मल जैन ने कहा कि नए ऑपरेशन थियेटर के बनने से अस्पताल में अधिक  सर्जरी हो सकेंगी । उन्होंने कहा कि विषम आर्थिक परिस्थितियों में भी पूर्वी दिल्ली नगर निगम नागरिकों को अधिक से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। स्वामी दयानंद अस्पताल पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ पड़ोसी राज्य के मरीजों को भी चिकित्सा सेवा मुहैया कर रहा है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित ऑपरेशन थियेटर भवन तीन मंजिला हैं और यह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।

स्थाई समिति अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि स्वामी दयानंद अस्पताल में जो 100 बैड का नया ब्लॉक बनना था, वो दिल्ली सरकार के असहयोगपूर्ण रवैये की वजह से लंबित पड़ा है। पुराने वार्ड की इमारत जर्जर अवस्था में है जिसका नवनिर्माण कराने की आवश्यकता है, इसके लिए करीब 359 करोड़ रूपए के बजट की आवश्यकता है। हमें यह राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए तो हम जनता की और ज्यादा सेवा कर सकेंगे।

इस अवसर पर स्थाई समिति अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष कंचन माहेश्वरी, स्थाई समिति उपाध्यक्ष दीपक मल्होत्रा, प्रदेश मंत्री नीमा भगत, प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद संतोष पाल, प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा, जोन चेयरमैन केके अग्रवाल, निगम पार्षद वीर सिंह पंवार, गोविंद अग्रवालशशि चांदनासंजय गोयलसंदीप कपूरइंदिरा झाबबीता खन्ना, स्वामी दयानंद अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ रजनी खेडवालडॉ. मुकेश कुमार, सहित जिले एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Translate »