स्थानीय

दिल्ली भाजपा ने आप विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन किया

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा ने आज आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों के निवास के बाहर नगर निगम का बकाया 13000 करोड़ रुपए के फंड को जारी करने की मांग को लेकर प्रचंड प्रदर्शन किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बुराड़ी और पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि पिछले 5 दिनों से बकाए फंड की मांग को लेकर निगम नेता मुख्यमंत्री आवास के बाहर ठंड और बारिश में फुटपाथ पर धरने पर बैठे हैं लेकिन मुख्यमंत्री अभी तक उनसे मिलने नहीं आए। निगम हर वर्ग के दिल्लीवासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करता है और फंड न मिलने के कारण मूलभूत सुविधाओं को बनाए रखने में दिक्कतें आ रही हैं।

आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार अपने विधायकों का वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव विधानसभा में तुरंत पास कर देती है लेकिन निगम के लिए फंड जारी न करने से वहां कार्यरत लाखों कर्मचारियों के पेट पर लात मार रही है। इससे निगम कर्मचारियों को वेतन देने में भी कठिनाई आ रही है। निगम कर्मचारियों ने कोरोना काल में कोरोना योद्धा के रूप में काम किया लेकिन संवेदनहीन केजरीवाल सरकार ने उनका वेतन रोक दिया और जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपए को मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने प्रचार प्रसार में खर्च किया।

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्लीवासियों की लड़ाई लड़ने सड़क पर उतरी है और इसे मंजिल तक पहुंचाएगी। केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली वासियों और निगम कर्मियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय भाजपा सहन नहीं करेगी।

दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने खजूरी चौक में प्रदर्शन का नेतृत्व किया और कहा कि हर बात पर धरने पर बैठने वाले मुख्यमंत्री केजरीवाल अपने आवास के बाहर धरने पर बैठे मेयरों से नजरें क्यों चुरा रहे हैं। साजिशन केजरीवाल सरकार निगम का फंड रोक कर बैठी है।

सांसद मीनाक्षी लेखी ने कस्तूरबा नगर में विधायक दफ्तर के बाहर केजरीवाल सरकार के नीतियों के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और कहा कि हम यहां कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं बल्कि दिल्ली वासियों की सुविधा और निगम कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। निगम को पंगु बनाने पर अड़ी केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों को ही धोखा दे रही है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह, दिल्ली भाजपा महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राजीव बब्बर, अशोक गोयल देवराहा, विधायक ओपी शर्मा, अभय वर्मा, अनिल बाजपेई, विजेंद्र गुप्ता, अजय महावरप्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार सहित विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायकों, मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारियों ने आम आदमी पार्टी विधायकों के आवास के बाहर, मुख्य चौराहों पर प्रदर्शन कर केजरीवाल सरकार से निगम के बकाया 13000 करोड़ रुपए की मांग की।

 

Translate »