स्थानीय

कांग्रेस की निगम पार्षद सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस की निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद सहित प्रदेश कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। प्रदेश कार्यालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान आदेश गुप्ता ने पार्टी का पटका पहनाकर कांग्रेस नेत्री व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के झिलमिल वार्ड से निगम पार्षद गीतिका पंकज लूथरा और पूर्व निगम पार्षद कांग्रेस नेता पंकज लूथरा सहित सैकड़ों कांग्रेसी नेताओं को भाजपा में शामिल किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी नवीन कुमार, शाहदरा जिला प्रभारी पंकज जैन और शाहदरा जिला अध्यक्ष रामकिशोर शर्मा उपस्थित रहे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि जिस तरह से गीतिका और पंकज लूथरा ने जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभाई है, हमेशा लोगों के सुख-दुःख में साथ खड़े रहे हैं और लोगों के बीच लोकप्रिय रहे हैं, उनका भाजपा में शामिल होने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। आज कांग्रेस का वजूद लगभग समाप्ति की ओर है। भाजपा ने हमेशा से समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। मैं गीतिका और पंकज लूथरा के साथ अन्य कांग्रेस नेता जो आज भाजपा परिवार के सदस्य हुए हैं, उन्हें बधाई देता हूं और बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

भाजपा में शामिल होने पर पंकज लूथरा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी की कार्यशैली को देखते हुए, चाहे वो राम मंदिर की बात हो या धारा-370, हम उनसे बहुत प्रभावित हुए और आज हम गीतिका पंकज लूथरा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए मैं प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता जी को धन्यवाद देता हूं।

भाजपा में शामिल होने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुदर्शन दुआ, संजीव रस्तोगी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव कमलकांत गुप्ता, कृष्णानगर कांग्रेस जिला महासचिव ललित तिसावर, दिनेश सिंघल, प्रवक्ता रामनाथ लूथरा, कांग्रेस झिलमिल मंडल के महामंत्री महेश पाल, उपाध्यक्ष लवली लूथरा, सूरज पंडित, शाहदरा जिला के कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनीष अहूजा, शहादरा जिला महामंत्री चरनजीत खनेजा और अन्य सदस्यों में बलदेव नागपाल, सचिन नागपाल, भीम दुआ, बीट्टा सरदारजी, कल्लू पंडित, सौरव मदान, सोनू खनेजा, ब्रजेश गोयल, अशोक मदान इत्यादि ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Translate »