स्थानीय

दिल्ली में हर दूसरा व्यक्ति कोरोना से हो चुका है ठीक : सत्येंद्र जैन

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा कराए गए पांचवें सिरो सर्वे की रिपोर्ट आ गई है और रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली की 56.13 प्रतिशत आबादी में एंटीबॉडीज पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के साथ मिल कर 15 जनवरी से 23 जनवरी तक सिरो सर्वे कर 28 हजार सैंपल लिए थे। सत्येंद्र जैन ने बताया कि नार्थ दिल्ली जिले में सबसे कम 49.09 प्रतिशत और साउथ ईस्ट जिले में सबसे ज्यादा 62.18 प्रतिशत कोरोना केस की व्यापकता थी और अब औसतन 56.13 प्रतिशत लोग कोरोना से संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। यह सिरो सर्वे, देश के अंदर सबसे बड़ा सिरो सर्वे था। अभी तक किसी भी राज्य ने इतना बड़ा सिरो सर्वे नहीं किया है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनवरी में सिरो सर्वे किया गया था। यह सिरो सर्वे 15 जनवरी से शुरू किया गया था और दिल्ली के अंदर सभी वार्डों में 23 जनवरी तक यह सर्वे किया गया। यह सिरो सर्वे अब तक का सबसे बड़ा सर्वे था। इस सर्वे में 28 हजार सैंपल लिए गए थे। इसकी रिपोर्ट आ गई है। इस बार जो सिरो सर्वे की रिपोर्ट आई है, उसमें पूरी दिल्ली में 56.13 प्रतिशत लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसका मतलब यह है कि 56.13 प्रतिशत लोगों के शरीर में एंटीबॉडीज पाई गई है। वह लोग कोरोना से संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। इन लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में कुल 11 जिले हैं। इसमें नार्थ दिल्ली जिले में सबसे कम कोरोना की व्यापकाता थी। नार्थ दिल्ली जिले में 49.09 प्रतिशत थी और सबसे ज्यादा साउथ ईस्ट जिले के अंदर 62.18 प्रतिशत कोरोना की व्यापकता थी। इसे हम दूसरी तरह से कह सकते हैं कि 49 प्रतिशत से लेकर 62 प्रतिशत तक दिल्ली में लोगों के अंदर एंटीबॉडीज पाई गई हैं और औसतन 56.13 प्रतिशत लोग कोरोना से संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। यह सिरो सर्वे देश के अंदर सबसे बड़ा सिरो सर्वे था। अभी तक किसी भी राज्य ने इतना बड़ा सिरो सर्वे नहीं किया है। इस सर्वे को करने के लिए हमारे स्वास्थ्य विभाग ने दिन रात काम किया।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जो पिछला सिरो सर्वे किया गया था, उसमें करीब 25 से 26 प्रतिशत लोगों में पॉजिटिव यानि एंटीबॉडीज पाई गई थी। यह पांचवां सिरो सर्वे था। अब दिल्ली के अंदर कोरोना के केस काफी कम हो गए हैं।

Translate »