स्थानीय

स्वास्थ्य भारत ही सशक्त और समर्थ भारत बन सकता है : डॉ. अनिल जैन

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री और सांसद डॉ. अनिल जैन ने कहा कि एक स्वस्थ भारत ही भविष्य का सशक्त और समर्थ भारत बन सकता है। बजट मे स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सरकार ने कई बड़ी घोषणा की है और 2,28 लाख करोड रुपए का प्रावधान किया है।
प्रदेश भाजपा द्वारा डॉक्टरों के साथ बजट 2021-22 पर चर्चा के लिए सम्मेलन किया गया। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, दिल्ली भाजपा डॉक्टर सेल के संयोजक डॉ. वी.के. मोंगा, दिल्ली भाजपा डॉक्टर सेल के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र रुहेला, सह-प्रभारी डॉ. अनिल गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मोनिका पंत एवं डॉ. हरीश गुप्ता सहित विभिन्न भाजपा दिल्ली डॉक्टर सेल के पदाधिकारी मौजूद थे।
अनिल जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया बजट देश के नागरिकों के साथ उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। पहले अपने स्वास्थ्य को ठीक करने के लिए लोग जमीन तक बेच बेचने को मजबूर थे। उनके इस दर्द को समझते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत 50 करोड़ लोगों के लिए पांच लाख रूपये तक की स्वास्थ्य बीमा लाई। इस योजना से डेढ़ करोड़ लोगों को लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल मे अब तक 115 योजनाओं से 70 करोड़ लोगों के जीवन में परिवर्तन आ चुका है। इसमें गरीब, मजदूर, शोषित, बेरोजगार, महिला, बच्चे, बुजुर्ग आदि शामिल हैं।
अनिल जैन ने कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री के पूरे 5 साल के कार्यकाल के दौरान पहली बार 12 करोड़ से अधिक लोग बीपीएल से बाहर आए हैं। सुविधा से वंचित रहने वाला भारत आज 150 देशों को दवाइयां पहुंचाकर उनका प्रतिनिधित्व कर रहा है। यही नहीं चार लाख प्रतिदिन पीपीई किट बन रहे हैं, जो कोरोना से पहले एक भी नहीं बनते थे। आज भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा पीपीई किट निर्यातक देश बन गया है। ये सारी बातें भारत के बढ़ते प्रभुत्व को दर्शाती है।

Translate »