स्थानीय

भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता किसानों को कृषि सुधारों की जानकारी देंगी : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने नवनियुक्त महिला मोर्चा अध्यक्ष  योगिता सिंह को शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष  बरखा सिंह, प्रदेश मंत्री  संतोष गोयल, महिला मोर्चा पूर्व अध्यक्ष व निगम पार्षद  पूनम पाराशर झा, दिल्ली प्रदेश प्रभारी  विशाखा शैलानी, सह- प्रभारी  आशा सिंह,  लता गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार सहित महिला मोर्चा की जिले व मंडल की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

कृषि बिल के समर्थन दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरी दिल्ली में महिला पंचायत का आयोजन करेंगी, इसकी जानकारी देते हुए  आदेश गुप्ता ने बताया कि दिल्ली भाजपा की महिला कार्यकर्ता दिल्ली के किसान परिवारों के मध्य जाकर उन्हें कृषि सुधारों से मिलने वाले लाभ के बारे में अवगत कराएंगी और उन्हें जागरूक करेंगी। कृषि बिल के बारे में चर्चा करते हुए श्री गुप्ता ने बताया कि कृषि सुधारों के माध्यम से देश के किसानों की फसल उपज से लेकर आर्थिक स्थिति तक में बदलाव होंगे लेकिन राजनीतिक स्वार्थ में विपक्षी पार्टियां कृषि बिल को लेकर राजनीति कर रही है और देश के किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी मोदी सरकार द्वारा किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए जिसका लाभ आज देश के करोड़ों किसान उठा रहे हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना, किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, एफपीओ गठन, सॉइल हेल्थ कार्ड जैसी घोषणाओं के माध्यम से किसानों की दशा और दिशा में सकारात्मक बदलाव आए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है।

दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष  योगिता सिंह ने कहा कि हर बूथ की महिला कार्यकर्ता मजबूत हो, इस दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है जो वर्षों से शासन कर रही है, इसे हटाने के लिए भी महिला मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर कार्य करना है। उन्होंने बताया कि कोरोना संकट के शुरुआत से ही महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुट गईं, फूड पैकेट बांटने का काम हो या राशन वितरण करने का काम, महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अपने जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया। मास्क की कमी होने पर माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के एक अपील पर महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मास्क बनाने का कार्य किया और मास्क वितरण का भी काम किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा पूरी तन्मयता और समर्पण के साथ जन-जन तक मोदी जी द्वारा किए गए कार्यों को पहुंचाएंगी और संगठन को मजबूती देने की ओर अग्रसर होंगी। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को होने वाले महिला सम्मेलन और महिला पंचायत के माध्यम से हम मिलकर कृषि बिल से किसानों को मिलने वाले लाभ के बारे में किसान परिवारों और महिलाओं को जागरूक करेंगे।

Translate »