स्थानीय

2020 में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होगी : जे.पी. नड्डा

नई दिल्ली । प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक आज डा. भीमराव अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित की गई जिसका उद्घाटन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया। कार्यकारिणी की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री श्याम जाजू, श्री दुष्यंत गौतम, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, नेता प्रतिपक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, मांगेराम गर्ग, राष्ट्रीय मंत्री महेश गिरी, सरदार आर.पी. सिंह, सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, हंसराज हंस, मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र गुप्ता, राजेश भाटिया सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने किया।
कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आज मुझे बड़ा हर्ष हो रहा है कि मुझे तीन पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं से मिलने का अवसर मिला। सामने बैठे दिल्ली के कार्यकर्ताओं में से अधिकाधिक के साथ मैंने अपने कार्यकर्ता जीवन में काम किया है जो हमें दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक प्रजातांत्रिक पार्टी है जहां हर कार्यकर्ता को समान अवसर मिलता है। भाजपा में चाहें कोई संयोग से आये, पसंद से आये या फिर परिस्थितियों से आये, माध्यम कुछ भी हो सकता है लेकिन जो लोग भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं उनके लिए यह गर्व की बात है। राष्ट्रवाद से प्रेरित भारतीय जनता पार्टी की नीतियां हमें अन्य पार्टियों से अलग खड़ा करती हैं।
जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि दिल्ली की जनता को सब्जबाग दिखाकर धोखे से सत्ता हथियाने वालों को अब यह समझ लेना चाहिये कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है। काठ की हांडी कोयला बन चुकी है और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ उसका मुकाबला करेंगे और 2020 में भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में सरकार होगी। हम आज इसका संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता देश और भाजपा के साथ चलने को तैयार है, जरूरत है कि हम आगे बढ़कर जनता का अभिनंदन करें और उसके लिए हमें परिश्रम और मजदूरी में अंतर को समझना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने कार्यकारिणी में प्रस्तुत अपने स्वागत भाषण में कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद यह पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक है और कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद किसी पहली कार्यकारिणी में आदरणीय श्री जगत प्रकाश नड्डा का आगमन हुआ है और हम सब गर्वित भाव और वातावरण में अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन कर रहे हैं। आज जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय सरकार देश के विकास के पथ पर अग्रसर है तो उसको बनाने में शत प्रतिशत सफलता के साथ दिल्ली का भी योगदान है और यह सफलता आप सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने माॅनिटरिंग कमेटी को भंग करने की मांग करते हुये कहा कि टैंकर माफिया से दिल्ली को मुक्त कराने का तथा हर नल से साफ जल देने और दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने के साथ-साथ दिल्ली की जनविरोधी सरकार को हटाने का हम संकल्प लेते हैं।
श्री मनोज तिवारी ने कहा कि हमें जीत की खुशी है लेकिन दिल्ली में झूठ और बेईमानी की बुनियाद पर बनी ऐसी नाकाम सरकार है जो दिल्लीवासियों को बुनियादी सुविधाएं देने में असफल रही है। दिल्ली में बहने वाली यमुना नदी में अपार जल है लेकिन लोगों के घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। केजरीवाल सरकार बनी थी तो दिल्ली में 6800 डीटीसी की बसें थी लेकिन आज 3800 बसें बची हैं। लचर परिवहन व्यवस्था, आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में रोककर, मेट्रो फेज 4 की योजना में देरी कर 20 हजार करोड़ का नुकसान कर केजरीवाल दिल्ली के दुश्मन नंबर वन बन गए हैं। 15 वर्ष का कांग्रेस और 5 वर्ष केजरीवाल के कुशासन से दिल्ली में त्राहि-त्राहि मची हुई है। हमने संकल्प लिया है कि हम सिंगापुर के संतोषा की तर्ज पर यमुना के यमुनोसा को विकसित करेंगे और दिल्ली के संपूर्ण विकास के लक्ष्य को लेकर आगामी महीनों में केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक ले जाएंगे और 2020 में दिल्ली सरकार बनाने के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हमें हमारे कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है।
संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की चर्चा करते हुये कहा कि जो बूथ कमजोर हैं उन्हें चिन्हित करके और मजबूत बनाने की जरूरत है। हमें यह लक्ष्य लेकर चलना है कि हमारा कोई भी बूथ कमजोर न रहे और हर बूथ का कार्यकर्ता को संगठन की बारीक से बारीक जानकारी होनी चाहिये जिससे वह पार्टी से जुड़ने वाले नये कार्यकर्ताओं को संगठन के बारे में सही जानकारी दे सकें। पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। विधानसभा चुनाव को देखते हुये कार्यकर्ताओं में उत्साहवर्धन के लिये बूथ स्तर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जाने की जरूरत है। इस कार्यसमिति से हम यह संकल्प लेकर जायें कि आगामी विधानसभा चुनाव में हमें मजबूत बूथों में अपने शत प्रतिशत को बढ़ाना है और कमजोर बूथों में जीत सुनिश्चित करनी है।
कार्यकारिणी के दूसरे दिन उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री श्याम जाजू ने कहा कि मोदी करिश्मा से पूरे देश में विजय का माहौल बना। लेकिन इस मोदी करिश्मा को बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियो ने पसीना बहाया था। हमें अपनी ऐतिहासिक जीत का अहंकार नहीं होना चाहिए और यह जीत कार्यकर्ताओं की निष्ठा, लगन और मेहनत के साथ-साथ पार्टी की नीति रीति और सिद्धांतों की जीत है। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए हमें चिंतन और कारगर रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहिए और हमारे मन में ऐसी भावना उत्पन्न हो जिसमें रिश्तों से ऊपर उठकर पार्टी का हित हो।
समापन भाषण में कार्य समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल ने कहा कि पार्टी संविधान में कार्य समिति एक व्यवस्था है लेकिन यहां कार्यकर्ताओं का मिलन होता है और कार्यकर्ताओं को काम करने की सीख मिलती है। पार्टी की नीति रीति और सिद्धांत का ज्ञान हमें कार्य समिति में विभिन्न सत्रों में मिलता है। हम एक दूसरे से अपने अनुभव बाँटते हैं जिससे हमारी कार्य पद्धति में निखार आता है। प्रदेश की कार्य समिति से यह क्रम जिला और मंडल तक चलता है।
श्री रामलाल ने कहा यह कार्य समिति ऐसे समय में हो रही है जब हम लोक सभा चुनाव की ऐतिहासिक जीत की खुशी के परिवेश और हर्ष में है लेकिन हर जीत के पीछे कई लोगों के त्याग छिपे होते हैं इसलिए जीत से हमें अति विश्वास नहीं करना चाहिए। जनता मोदीमय है लेकिन दिल्ली जीतने के लिए कड़ी मेहनत और कुशल रणनीति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम सदस्यता अभियान चलाने वाले हैं। सदस्यता अभियान इस तरह का हो कि घर-घर में भाजपा का समावेश हो जाए। ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए जिस बूथ और जिस वर्ग पर हम चुनाव हारे अभियान में मोर्चा और प्रकोष्ठ की भूमिकाओं उदार मन से पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ता काम करे न हम कम है और न कमजोर है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार अहंकारी, अराजक और असंतुलित दिमाग वाली है और भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के वेग से 2020 में बह जाएगी जरूरत है एक जुट होकर केजरीवाल के कुशासन और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सुशासन को घर घर तक पहुँचाने की। दिल्ली की सरकार झूठ बोलने वालों की, लड़ने वालों की और काम न करने वालों की सरकार है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक की थैली के चट्टे-बट्टे हैं। इस कार्यसमिति से सभी कार्यकर्ताओं को झूठ बोलने वाली, नाकामपंथी दिल्ली सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर जाना चाहिये।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के सह-प्रमुख श्री दुष्यंत गौतम ने सदस्यता के महत्व का विशलेषण करते हुये कहा कि चुनावी वर्ष होने के कारण संगठन के लिये सदस्यता का महत्व और बढ़ जाता है क्योंकि इस अभियान के कारण पार्टी से नये-नये लोग जुड़ते हैं। उन्हें पार्टी की नीतियों, विचारधाराओं और उपलब्धियों के बारे में बताने की आवश्यकता है।

Translate »