स्थानीय

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन

नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित का निधन गत शनिवार को हो गया। 81 वर्षीय शीला दीक्षित पिछले कई दिनों से दिल की बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थीं। फिलहाल कांग्रेस ने उन्हें दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे रखी थी। 15 साल तक राजधानी की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के नाम सबसे ज्यादा वक्त तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। बता दें कि अपने निधन से कुछ दिनों पहले तक वह राजनीति में खासी ऐक्टिव थीं और हाल ही में उन्होंने दिल्ली में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी की थी। यही नहीं कांग्रेस पार्टी दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें सीएम के चेहरे के तौर पर उतारने की तैयारी में भी थी। दिल्ली में कांग्रेस की सरकार जाने के बाद केरल की राज्यपाल भी रही थीं। इसके अलावा कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर भी पेश किया था। शीला को हमेशा से गांधी-नेहरू परिवार का करीबी माना जाता था। उनके निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के अलावा पक्ष-विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि श्रीमती शीला दीक्षित का दिल्ली के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहा है और देश ने एक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व को खो दिया है।

Translate »