स्थानीय

पीतमपुरा के नगर स्कूल में नवनिर्मत 10 कमरों का उद्घाटन

नई दिल्ली, 19 अगस्त। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हैदरपुर वार्ड के एच यू ब्लाक पीतमपुरा में नगर निगम स्कूल में नवनिर्मत 10 कमरों का उद्घाटन करते हुये कहा कि केजरीवाल निगम स्कूलों के साथ सौतेला व्यवहार करते हैं जिसके कारण अकसर स्कूलों में फंड की कमी रहती है, फिर भी दिल्ली नगर निगम के स्कूल बेहतर सेवायें देने में कोई कोताही नहीं करते हैं। इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार अवतार सिंह, नेता सदन तिलकराज कटारिया, जिला अध्यक्ष रोशन कंसल, शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रीतु गोयल, पूर्व उपमहापौर विजय भगत, निगम पार्षद श्रीमती अंजू जैन, पश्चिमी दिल्ली जिला प्रभारी श्रीमती रेखा गुप्ता, सहित जिला, मंडल एवं बूथ के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निगम पार्षद सुजीत ठाकुर ने की। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। दिल्ली सरकार पर कटाक्ष करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि नगर निगम ने 95 लाख रूपये में 10 कमरों का निर्माण किया है जबकि दिल्ली सरकार द्वारा एक स्कूल के कमरे के निर्माण में 25 लाख रूपये की लागत आती है जिससे स्पष्ट है कि दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार में किस कदर डूबी हुई है। निगम के कमरों की पक्की छत है, एलईडी लगी हैं और ब्लैक बोर्ड भी लगा है जबकि दिल्ली सरकार द्वारा बनाये गये कमरों मंे कड़ी-टुकड़ी की छत है और इसके अतिरिक्त कुछ भी नहीं है। श्री तिवारी ने कहा कि निगम के कांट्रैक्ट टीचरों की अवधि बढ़ाई जाये जिससे वह बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान केन्द्रित कर सकें। इस दिशा में जो भी आवश्यक कदम हैं, उठाये जाने चाहिये। निगम स्कूलों में पढ़ाई पर चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि निगम स्कूलों में दी जा रही शिक्षा बच्चों की बुनियाद मजबूत करती है इसलिये यहां दी जाने वाली शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण है लेकिन दुर्भाग्यवस दिल्ली सरकार इसे बिलकुल भी गंभीरता से नहीं लेती है जिसके कारण निगम के स्कूलों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पढ़ता है।

Translate »