कन्या - वार्षिक भविष्य फल 2007
Apr 23rd, 2007 by admin
इस वर्ष में आपका शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा तथा आपके सभी महत्वपूर्ण कार्य सम्पन्न होंगे। अधिकतर योजनाओं में आपको सफलता मिलेगी। सामाजिक प्राणियों के प्रति आपके मन में करुणा व सहानुभूति की भावना आएगी। असहायजनों की आप सुख-दुख में पूरी मदद करेंगे। अतः आपको मानसिक शांति प्राप्त होगी। पारिवारिक सुख शांति की दृष्टि से यह वर्ष अच्छा है। परिवार के सभी लोग मिलजुल कर प्रेम पूर्वक रहेंगे। सभी परस्पर एक-दूसरे को मदद करेंगे। घरेलू वातावरण सुखमय रहेगा। माता-पिता को कभी-कभी शारीरिक व मानसिक कष्ट हो सकता है। संतान पक्ष से मन प्रसन्न रहेगा। उनका समय उन्नति युक्त है। स्त्री के सुख व स्वास्थ्य के लिए समय अनुकूल है। वे स्वस्थ व प्रसन्न मन से आपको सभी कार्यों में सहयोग करेंगी। उनकी ओर से आपको धन लाभ भी होगा। व्यवसायिक व कार्यक्षेत्र में यह वर्ष सामान्य रूप से उन्नतिशील रहेगा। अक्टूबर से दिसम्बर तक मंगल दशवें भावस्थ होने के कारण कार्यक्षेत्र में व्यर्थ समस्याओं से जूझना पड़ेगा। सारे वर्ष राहु की स्थिति छठे भावस्थ होने के कारण आपको पराक्रम में वृद्घि होगी तथा आप समस्याओं का समाधान करने में सफल रहेंगे। आवश्यकतानुसार आप धन-ऐश्वर्य भी प्राप्त करेंगे। फरवरी से जुलाई के मध्य शनि की ग्यारहवें भाव की स्थिति के कारण आपके आर्थिक स्त्रोतों में वृद्घि होगी तथा प्रचुर मात्रा में धन लाभ भी होगा। आर्थिक स्त्रोत में वृद्घि तथा सामाजिक प्रतिष्ठ व यश में वृद्घि होगी। इस वर्ष लम्बी दूरी की यात्राएं सम्पन्न होंगी। धन का व्यय अधिक मात्रा में होगा जिसके फलस्वरूप यदा कदा चिन्तित रह सकते हैं।