मकर - वार्षिक भविष्य फल 2007
Apr 23rd, 2007 by admin
इस वर्ष आपका स्वास्थ्य ज्यादा ठीक नहीं रहेगा। समय-समय पर आप शारीरिक कष्ट का अनुभव करते रहेंगे। सारे वर्ष केतु अष्टम भावस्थ होने तथा फरवरी से जुलाई को छोड़कर शनि की स्थिति आठवें भावस्थ होने के कारण आप वातजन्य रोगों, उच्च रक्तचाप तथा बुखार आदि से कष्ट पाते रहेंगे। रक्त विकार संबन्धी परेशानी भी आ सकती है। अतः स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। खान-पान पर विशेष ध्यान दें।पारिवारिक सुख-शांति की दृष्टि से यह वर्ष खास अच्छा नहीं रहेगा। राहु दूसरे भावस्थ होने के कारण पारिवारिक तनाव व अशान्ति रहेगी। आपसी कलह क्लेश के रहते संबन्धों में कटुता आएगी। माता-पिता के स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अच्छा रहेगा तथा उनसे काफी सहयोग मिलेगा। संतान पक्ष से मन प्रसन्न रहेगा। वे आपकी आशाओं पर खरे उतरेंगे। फरवरी से जुलाई के मध्य स्त्री का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा लेकिन शेष समय उन्हें कुछ शारीरिक कष्ट रह सकता है। व्यवसायिक व कार्यक्षेत्र में सफलता की दृष्टि से यह वर्ष सामान्य रहेगा। अक्टूबर से दिसम्बर तक मंगल छठे भाव में स्थिति होने के कारण आपके शत्रु पराजित होंगे तथा आप कार्यक्षेत्र में अपनी कार्य योजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर लेंगे। धन-ऐश्वर्य की भी आपको प्राप्ति होगी। जनवरी से नवम्बर तक बृहस्पति की शुभ स्थिति ग्यारहवें भाव में होने के कारण आपके भाग्यफल में वृद्घि होगी। आपके सम्मान, प्रभाव व कीर्ति में वृद्घि होगी तथा आप के आय स्त्रोत में भी वृद्घि होगी। इस वर्ष लम्बी दूरी की या विदेश यात्रा सम्पन्न हो सकती है तथा मांगलिक कार्य पर खर्च भी होगा। अन्य व्यय अनुकूल मात्रा में ही होंगे। अतः आप वर्ष भर सन्तुष्ट व शांत रहेंगे।