स्थानीय

विजेंद्र गुप्ता ने किया उत्तरी निगम के निर्माण कार्यों का लेखा जोखा समेटे ‘निर्माण दर्पण’ का विमोचन किया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा महत्तवपूर्ण निर्माण कार्यों की पुस्तिका ‘निर्माण दर्पण’ का विमोचन दिल्ली विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उत्तरी दिल्ली के महापौर अवतार सिंह, उपमहापौर योगेश वर्मा, स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश, नेता सदन तिलक राज कटारिया, निगमायुक्त सुश्री वर्षा जोशी, अति. आयुक्त नैना सोईंन कपिल व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता, निर्माण समिति अध्यक्ष आलोक शर्मा ने की।
विजेन्द्र गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम को उत्तम कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने प्रयासों से सभी लक्ष्यों की प्राप्ति कर रही है। मगर दिल्ली में एक ऐसी सरकार है जो निगमों को काम नहीं करने दे रही है। उन्होंने कहा कि हम सब जानते है कि दिल्ली सरकार निगमों को उनके हक का फंड नहीं दे रही है ताकि वे विकास के कार्य ना कर सके। मगर उत्तरी दिल्ली नगर निगम दिल्ली की जनता को सभी सुविधाएं दे रही है।
महापौर अवतार सिंह ने इस पत्रिका को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कार्यों का आईना कहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के विकास कार्य सुशासन तथा उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग का ही परिणाम है। उन्होंने इस पत्रिका के विमोचन के अवसर पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम निर्माण समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी।
स्थायी समिति अध्यक्ष जय प्रकाश ने पत्रिका के विमोचन पर हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि निगम के द्वारा किए गए विकास कार्यों को इस प्रकार रचनात्मक आयाम देने से निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में निर्माण समिति के अध्यक्ष आलोक वर्मा ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस पत्रिका के माध्यम से उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों को एक नया आयाम मिलेगा। इससे न केवल नागरिकों में जागरूकता आएगी बल्कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम की छवि में भी और अधिक सकारात्मकता आएगी।

Translate »