स्थानीय

बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री श्री नितीश कुमार और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय वजीरपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेन्द्र नागपाल के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश, जिला व मंडल के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभा को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए श्री नितिश कुमार और श्री नित्यानंद राय ने भाजपा प्रत्याशियों को जीताने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए श्री नितीश कुमार ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम दिल्ली में भी देश की सबसे पार्टी के साथ सभा कर रहे हैं और मैं दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत की कामना करता हूं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने आपको पांच साल दिल्ली के विकास के लिए दिया था, लेकिन आपने क्या किया वह दिखाई नहीं दे रहा है। दिल्ली देश की राजधानी है, किसी की बपौती नहीं है और पूरे देश की है। अरविंद केजरीवाल जिस तरह से दिल्ली में बिहारवासियों का अपमान किया है उसे दिल्ली में रह रहा बिहार का कोई भी नागरिक भूला नहीं है। केजरीवाल ने दिल्ली के उन इलाकों में भी कोई कार्य नहीं किया है जहां बिहार के लोग रहते हैं। उन्हें नालों से होकर गुजरना पड़ता है। कच्ची सड़कें उन्हें परेशान करती हैं। मुझे समझ नहीं आता अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं, हमने पांच साल कार्य किया है, लेकिन कोई कार्य नहीं किया है, अब इसका हिसाब 8 फरवरी को पोलिंग बूथ पर होने जा रहा है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने इस दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला और कहा कि बिहार के लोगों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सोच छोटी, स्तरहीन और ओछी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले बिहार सहित समस्त पूर्वांचली लोग इस अपमान को भूलने वाले नहीं हैं,क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने उनकी मेहनत, उनके परिश्रम और उनकी कर्मठता व योग्यता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का यशगान आज पूरी दुनिया कर रही है, लेकिन अरविंद केजरीवाल दिनरात, सुबह-शाम कोसते रहते हैं, दिल्ली की जनता यह सब देख रही है और इसका माकूल जवाब 8 फरवरी को देने जा रही है।

Translate »