स्थानीय

महापौर ने भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के महापौर अवतार सिंह ने उपमहापौर योगेश वर्मा के साथ भलस्वा लैंडफिल साइट पर चल रहे ट्रॉम्मेलिंग कार्य की प्रगति की जांच हेतू निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद विजय भगत, मुख्य अभियंता, प्रदीप बंसल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को बताया किया कि वर्तमान में 12 ट्रॉमल मशीनें कचरे के निपटान के कार्य में लगी हुई हैं। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक मशीन प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन कचरे को अलग करती है। मशीन कूडे को तीन हिस्सों में विभाजित करती है, पहला प्लास्टिक, पॉलिथीन, कपड़ा आदि जैसी हल्की सामग्री , दूसरा सी एंड डी कचरे, कांच या धातुओं आदि जैसे भारी सामग्री और तीसरा जो कुछ भी पदार्थ रहता है जिसमें छोटे आकार की सामग्री आदि शामिल हैं। इसके बाद मशीन कचरे को मिट्टी से अलग कर देती है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस कार्य में तेजी लाएं। श्री अवतार सिंह ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम लैंडफिल साइट पर कचरे की मात्रा को कम करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। महापौर ने ट्रॉम्मेलिंग साइट पर पडे आरडीएफ कचरे पर अपनी चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने बताया कि आरडीएफ के निपटान की प्रक्रिया चल रही है, इसके लिए निगम ने निविदा आमंत्रित की है जो अंतिम चरण में है।

Translate »