स्थानीय

होम आईसोलेशन के मरीजों के लिये आक्सीजन रिफिलिंग सेन्टर बनाये जायें : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल कल रात केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी से मिला और उनको वर्तमान कोविडकाल में दिल्ली की जनता के समक्ष आ रही परशानियों के साथ कुछ रचनात्मक सुझावों को रखा जिसके बाद गृह राज्य मंत्री ने हस्तक्षेप कर लोगों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
भाजपा नेताओं ने गृह राज्य मंत्री को बताया कि अनेक सरकारी एवं निजी अस्पतालों की बेड उपलब्ध होते हुये भी ना देने या अत्याधिक चार्ज लेने की शिकायतें आ रही हैं, कुछ लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव है पर हालत खराब है पर अस्पताल उन्हें भर्ती नहीं कर रहे जिससे जनता परेशान है। होम आईसोलेशन के मरीजों तक दिल्ली सरकार से कोई मेडिकल सलाह ना पहुंचने की शिकायत के साथ ही दवाओं एवं आक्सीजन की भारी किल्लत से भी मंत्री महोदय को अवगत कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि बदरपुर स्थित आयुर्वेदिक एम्स को कोविड अस्पताल बनाया जाये, नगर निगमों के अस्पतालों में कोविड बेड बढ़ाने की अनुमति दी जाये।
आदेश गुप्ता ने कहा है कि होम आईसोलेशन के मरीजों को डाक्टरी सलाह मिलने में देरी एवं आक्सीजन की कमी खतरनाक हो सकती है, उन्होंने मांग की कि होम आईसोलेशन के मरीजों को आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिये चिन्हित केन्द्र बनाये जायें और डाक्टरी सलाह तुरंत शुरू की जाये।
प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, केन्द्रीय स्वास्थ मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन, सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी एवं प्रवेश साहिब सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी सम्मिलित थे।
कोविडकाल में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा मानव सेवा कार्य निरंतर जारी है।
सांसद गौतम गम्भीर ने दिल्ली के लोगों के लिये निशुल्क 200 आक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर उपलब्ध करवायें हैं।
सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में 50 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की है।
सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने अपने संसदीय क्षेत्र में लगभग 2000 लोगों को रोज भोजन उपलब्ध कराने के लिये रसोई की स्थापना की है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बदरपुर में श्रमिकों एवं गरीबों के लिये विशेष रसोई की स्थापना की है।
प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा के अनुसार भाजपा की डॉक्टर सेल अब रोजाना लगभग नये 300 से अधिक होम आईसोलेशन परिवारों को मेडिकल सलाह दे रही है। इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह के संयोजन में चल रही रोगी रसोईयों से अब दोनो टाईम लगभग 10000 रोगी परिवारों तक भोजन पहुंच रहा है।

Translate »