हरियाणा

पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल का प्रयोग करते हुए नशे से दूर रहने का देते हैं संदेश उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा

कुरुक्षेत्र (संजय गुप्ता। पुलिस उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा पर्यावरण संरक्षण के लिए वर्ष 2014 से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने 2014 में पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जोड़कर प्रेरणा समिति हरियाणा का गठन किया था जिसका एक ही लक्ष्य था प्रदूषण मुक्त प्रदेश। इस कड़ी में पौधारोपण किया गया जिसमें 17500 से अधिक पौधे रोपित किए गए तथा साथ ही साइकिल के साधन का प्रयोग करने पर बल दिया गया। तब से ही उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल के साधन का स्वयं भी प्रयोग करते हैं और अन्य लोगों को भी साइकिल के साधन का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। वे सदैव साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए गाँव गाँव और शहर शहर जाकर नशे के विरुद्ध प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। वर्ष 2020 से हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो में जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी के रूप में नियुक्त उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा नशे के विरुद्ध अभियान चलाये हुए हैं। साइकिल पर चलने का कारण पूछने पर वो बताते हैं कि छोड़ो अब शर्माना यदि अच्छा स्वास्थ्य चाहिए है तो साइकिल से करो आना जाना। हमारे पूर्वजों को नहीं होता था कोई रोग क्योंकि वे करते थे प्राय: साइकिल का प्रयोग। आओ छोटे बड़े सफर साइकिल से तय करें, ईंधन बचाएं और पर्यावरण स्वच्छ करें। वे कहते हैं कि साइकिल की सवारी सबसे प्यारी और न्यारी है। सड़कों पर बढ़ रही गाड़ियों की संख्या पर वे चिंतन करते हुए कहते हैं कि आज सड़कों का विस्तारीकरण दिन प्रतिदिन हो रहा है लेकिन सड़कें कम पड़ रही हैं। इस पर चिंतन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कार चलाओ तब गाड़ी में सवारी पूरी हों जब। आज के प्रदूषित वातावरण के साथ साथ ग्लोबल वार्मिंग चिंता का विषय है। उन्होंने नशे पर प्रहार करते हुए कहा कि नशे को समूल नष्ट करने के लिए सबको एक साथ प्रयास करने होंगे। प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान के साथ जुड़कर अपने जीवन से नशे को बाहर करने का संकल्प ले और अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ कर नशा मुक्त भारत का सपना साकार करे। उन्होंने आगे कहा कोई भी व्यक्ति हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर अथवा 1933 पर अथवा MANAS पर नशे के विरुद्ध गुप्त सूचनाएं दे सकते हैं।

Translate »