स्थानीय

अटल जी युग पुरूष थे और सभी के लिए आदरणीय थे : मनोज तिवारी

नई दिल्ली। आज पूरा देश भारतरत्न परमश्रद्धेय स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती मना रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने जन-जन के प्रिय पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के जन्मदिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन पूरे देश में किया है। इसी कड़ी में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अटल स्मृति स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धेय अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक, हमारे प्रेरणा स्रोत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पूरा देश मना रहा है। अटल जी युग पुरूष थे और वो पक्ष विपक्ष सभी के लिए आदरणीय थे। मृदभाषी, सरल हृदय सम्राट, साहित्यकार, कवि, लेखक के रूप में उनकी पहचान थी, लोग उन्हें घण्टों सुनने के लिए आतुर बैठे रहते थे। कड़ी से कड़ी बातों को हास्य विनोद में कह जाने वाले अटल जी की जन्म जयंती पर दिल्ली भाजपा उन्हें शत शत नमन करती है। अटल जी के दिखाये मार्ग पर चलते हुये एक भारत श्रेष्ठ भारत को साकार करने के लिए निरंतर काम करने का संकल्प हम सभी ने लिया है।
श्री तिवारी ने कहा कि पूरा देश अपने प्रिय नेता को आज याद करते हुये विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है और दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पहुंचकर अटल जी की स्मृतियों में खो जाने का मुझे मौका मिला है जिसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं का ह्दय से आभार प्रकट करता हूं। अटल जी हमेशा अपने विचारो में अटल थे, कैसी भी परिस्थिति रही हो अटल जी सदैव अपने सिद्धांतों पर अटल रहे। उनकी अटल छाप सदैव हमारे साथ है। भारतीय राजनीति के अजातशत्रु कहलाने वाले अटल जी का जीवन राष्ट्र हेतु समर्पित था। उनका विराट व्यक्तित्व एवं सादा जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणाप्रद रहेगा। देश को दुश्मनों से चहुओर सुरक्षित करने के लिए परमाणु शक्ति भारत को बनाने वाले अटल आज जन-जन के विचारों में जीवित है।

Translate »