विश्व रक्तदाता दिवस पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में 545 वां रक्तदान शिविर आयोजित
कुरूक्षेत्र (संजय गुप्ता) । विश्व रक्तदाता दिवस पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में 545 वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.वैद्य करतार सिंह धीमान ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का कार्य है,बल्कि यह सामाजिक समरसता और मानवता का प्रतीक भी है। रक्त की कोई जात,धर्म या मजहब नहीं होता। यह महादान हमें भेदभाव मिटाने का संदेश देता है और एकजुटता की भावना को मजबूत करता है। यह शिविर भारत की पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के सर्वोच्च रक्तदाता डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा आयोजित किया गया। शिविर में कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजेंद्र सिंह, डॉ. कुलजीत कौर, डॉ. मगेश राजामणि, समाजसेवी नरेश सैनी, भारतेन्दु हरीश, स्टार रक्तदाता प्रशांत कुमार, केयू से सेवानिवृत्त सहायक कुलसचिव देवेंद्र सचदेवा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कुलसचिव प्रो. वैद्य ब्रिजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि समाज में सहयोग,समर्पण और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है। ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान (अस्पताल) के चिकित्सा अधीक्षक प्रो.वैद्य राजेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि जब हम रक्तदान करते हैं,तो हम एक अनजान जरूरतमंद के जीवन में आशा की किरण बनते हैं। यह एक ऐसा कार्य है जिसमें न कोई सीमा है,न कोई भेदभाव। शिविर संयोजक एवं हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर समाजसेवी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कराया है जिसमें विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य ही नहीं, बल्कि शहर से आए महादानियों ने रक्तदान किया है। डॉ. वर्मा ने बताया कि वे 545 रक्तदान शिविर आयोजित कर चुके हैं और स्वयं 175 बार रक्तदान व 85 बार प्लेटलेट्स देकर असंख्य जीवन बचा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आयुष विश्वविद्यालय शैक्षणिक विकास के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी कर रहा है। ऐसे शिविर उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है। शिविर में 2 महिलाओं सहित 25 लोगों ने किया। शिविर में वैशाली और कमलेश समेत 25 लोगों ने रक्तदान किया। खास बात ये रही कि गांव फतुपुर निवासी हरविंद्र ने 51वीं बार, सेक्टर-5 निवासी कपिल अग्रवाल ने 28वीं बार रक्तदान किया। इनके अलावा डॉ. कृष्ण कुमार ने अपने बेटे प्रमोद कुमार के साथ रक्तदान किया। वहीं, डॉ. अरुण कुमार धीमान ने अपनी पुत्री अंशी के जन्मदिन पर 28वीं बार, डॉ. सुभाष, लक्ष्य, सतपाल, प्रवीन, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. आशीष नांदल, डॉ. जोरावर सिंह, संजीव कुमार, अनुराग, डॉ. नवीन कुमार, जगदीप, हरविंद्र यादव, जसजोत, मोहित खैरा,गौरव कुमार, देवीचरण, सुरेश पाल, डॉ. विनोद भुक्कल समेत अन्य ने रक्तदान किया।
