स्थानीय

स्वराज इंडिया ने जारी की दस उम्मीदवारों की पहली सूची

नई दिल्ली। हरियाणा राजनीति के बने बनाए ढर्रे और रवायतों को तोड़ते हुए स्वराज इंडिया ने अपने 10 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में यह सूची जारी करते हुए संगठन की तीन सदस्य परख समिति के सदस्य और स्वराज इंडिया के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने कहा कि यह उम्मीदवार हरियाणा की राजनीति को भविष्य का आईना दिखाते हैं।
जारी की गई सूची में जिला परिषद रेवाड़ी की वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती मंजू बाला (विस क्षेत्र रेवाड़ी, जिला रेवाड़ी), भगाना कांड के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व करने वाले वीरेंद्र सिंह बागोरिया (विस क्षेत्र: नलवा, जिला हिसार), चरखी दादरी में माइनिंग माफिया के विरुद्ध आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संजीव गोदारा (विस क्षेत्र दादरी: जिला चरखी दादरी), सफाई कर्मचारियों के लिए न्याय के संघर्ष में साथी एडवोकेट दीपक (विस क्षेत्र : पटौदी, जिला गुरुग्राम), फसलों के बेहतर दाम के लिए 52 दिन के धरने में शामिल रहे धरम पाल (विस क्षेत्र : कोसली, जिला रेवाड़ी), जय किसान आंदोलन के राज्य अध्यक्ष युद्धवीर एहलावत (विस क्षेत्र : तोशाम, जिला भिवानी) शामिल है। इस सूची में मेवात की महिलाओं को रोजगार दिलाने के लिए कार्यरत उद्यमी श्रीमती शैलजा भाटिया (विस क्षेत्र : गुडग़ांव, जिला गुरुग्राम), किसानों को सूक्ष्म सिंचाई के लिए प्रेरित करने वाले कृषि इंजीनियर राजेंद्र यादव (विस क्षेत्र भिवानी, जिला भिवानी), महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी श्रीमती प्रोमिला सहारण (विस क्षेत्र कलायत, जिला कैथल) और सरकारी नौकरी से रिटायर होने के बाद समाज सेवा में जुटे चमन लाल (विस क्षेत्र सधौरा, जिला यमुना नगर) भी है। इन उम्मीदवारों का विस्तृत परिचय संलग्न है।
उन्होंने कहा कि इन उम्मीदवारों में से एक भी ऐसा नहीं है जो किसी स्थापित राजनीतिक वंश से संबंध रखता हो, एक भी ऐसा नहीं है जो राजनीति पर कब्जा जमा कर बैठे अरबपति धन्ना सेठों में से हो। स्वराज इंडिया द्वारा घोषित अधिकांश उम्मीदवार भ्रष्टाचार विरोधी लोकपाल आंदोलन, प्रदेश के किसान संगठन या सामाजिक न्याय के संघर्षों से जुड़े रहे हैं। स्वराज इंडिया ने घोषणा की थी की एक तिहाई सीटों पर महिलाओं और एक तिहाई पर युवाओं को उतारेगी। इस सूची में 10 में से 3 महिलाएं और 2 युवा शामिल किए गए हैं। राजनीति की स्थापित जातीय समीकरणों को नजरअंदाज करते हुए स्वराज इंडिया ने हर क्षेत्र में सबसे योग्य उम्मीदवार को चुना है। आरक्षित वर्ग से संबंध रखने वाले योग्य उम्मीदवार को भी केवल आरक्षित सीटों तक सीमित रखने की राजनैतिक परंपरा को तोड़कर स्वराज इंडिया ने एक नई शुरुआत की है।
इस अवसर पर मौजूद स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि हमारे लिए राजनीति एक धंधा नहीं है। आज जब पूरे प्रदेश में भाजपा में घुसने की होड़ लगी हुई है, ऐसे में इन उम्मीदवारों ने स्वराज इंडिया का झंडा उठाकर स्वार्थी नहीं सारथी बनने की हिम्मत दिखाई है। इन्हें 3 महीने नहीं, अगले साढ़े 5 साल का टिकट मिला है। इतिहास गवाह है कि बहाव के खिलाफ खड़े होने वालों ने राजनीति की धारा बदली है।

Translate »