स्थानीय

महापौर ने निगम की तैयारियों हेतु किशन गंज रेल अंडर ब्रिज व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश के साथ आयुक्त संजय गोयल ने मानसून के पूर्व निगम की तैयारियों हेतु किशनगंज रेल अंडर ब्रिज व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रमुख अभियंता, के.पी. सिंह, क्षेत्रीय उपायुक्त, राजेश गोयल, निदेशक उद्यान, आशीष प्रियदर्शी व निगम के अन्य वरिष्ट अधिकारी उपस्थित थे।
किशनगंज रेल अंडर ब्रिज के निरीक्षण के दौरान, महापौर ने अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए की सभी नालों से गाद निकाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को रेलवे अंडर ब्रिज के अंदर पानी जमा ना हो इसके लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
जय प्रकाश ने बताया कि किशनगंज रेलवे अंडर ब्रिज के एक हिस्से पर रेलवे कार्य कर रही है जो लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि आरयूबी के दोनों तरफ सड़क बनाने के लिए निगम ने 10 करोड़ रुपये पास कर दिए है। उन्होंने बताया कि किशनगंज आरयूबी के निर्माण में भारत सरकार ने भी सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि आरयूबी का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद यहां यातायात की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
महापौर जय प्रकाश ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम आजा़द मार्केट चौक के सौंदर्यीकरण के कार्य को भी जल्द प्रारंभ करने वाली है। जिस के अंतर्गत चौक के आस.पास पौधे लगाने, रंग रोगन आदि करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम नागरिकों तक हर संभव सुविधा पहुंचाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।

Translate »