स्थानीय

भाजपा ने बस खरीद मामले में केजरीवाल सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा के नेतृत्व में ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा केजरीवाल सरकार द्वारा बस खरीद मामले में 5000 करोड़ रुपये के घोटाले के खिलाफ आई.टी.ओ. चौराहे से लेकर डीटीसी मुख्यालय तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन में विधायक अजय महावर, अभय वर्मा और अनिल वाजपेयी, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल ने प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित किया और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल ने मंच संचालन किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि बसों की तीन वर्ष की गारंटी रहती है। ऐसे में रख-रखाव के लिए किसी निजी कंपनी से करार करने की जरुरत क्या है। बसों की खरीद पर जितनी राशि खर्च होगी उससे अधिक राशि उसके रख-रखाव के लिए करार किया गया है। 1000 बसों के लिए 900 करोड़ रुपये और उसके रख-रखाव के लिए 3500 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष है। डीटीसी में पहले से ही बसों की रख-रखाव के लिए कर्मचारी हैं, वे क्या करेंगे?
श्री गोयल ने केजरीवाल सरकार को घोटाले की सरकार बताते हुए कहा कि एक के बाद एक दिल्ली की जनता का पैसा लूटा है, वह बहुत शर्म की बात है। लगातार घोटाले चाहे वह टैंकर घोटाला हो, टीकाकरण घोटाला हो, सिवील डिफेंस घोटाला और डीटीसी बस घोटाले से दिल्ली की जनता समझ चुकी है कि केजरीवाल आपदा में भी लूटने का काम किया है। दिल्ली में जब केजरीवाल की सरकार आई तो उस वक्त बसों की संख्या 7000 थी लेकिन अब वह घटकर 3600 रह गई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की हर क्षेत्र में हालत बद से बदतर हुई है। गत 4 वर्षों में करोड़ों के बजट के बावजूद दिल्ली के लिए बस नहीं खरीदी गई, एक स्कूल नहीं खोला गया, एक कॉलेज नहीं खोला गया और स्वास्थ्य सेवाओं की सच्चाई तो यह कि जनता ने अभी हाल ही में झेली है। उन्होंने कहा कि इस घोटाले को विधानसभा में भी उठाया गया था, लेकिन सत्ता के मद में चूर आम आदमी पार्टी ने बहुमत के नीचे इसे दबाने का प्रयास किया था।

Translate »