स्थानीय

दिल्ली देहात की अन्य समस्याएं भी हल होंगी: बिधूड़ी

अपनी दिल्ली संवाददाता
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि राजधानी के गांववासियों को म्युटेशन का लाभ मिलने से उनकी एक बड़ी समस्या का निदान हुआ है। आने वाले दिनों में दिल्ली देहात तथा किसानों की अन्य समस्याओं का हल भी निकाला जाएगा।
बिधूड़ी ने आज गांव जौनापुर में म्युटेशन कैंप का अवलोकन किया। म्युटेशन कैंप में अधिकारियों ने गांववालों को इसकी प्रक्रिया के बारे में समझाया और साथ ही यह भी बताया कि उन्हें किस-किस दस्तावेज की जरूरत होगी। बिधूड़ी ने बताया कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के गांवों में म्युटेशन पर दस साल से रोक लगा रखी थी। अब भाजपा सांसदों के प्रयास के बाद उपराज्यपाल महोदय ने म्युटेशन पर लगी रोक समाप्त कराई है। म्युटेशन पर रोक के कारण जिन किसानों की मृत्यु हो गई है, उनकी जमीन रेवेन्यू रिकॉर्ड में वैध उत्तराधिकारियों के नाम नहीं चढ़ पा रही थी। इस कारण वे उसे न तो बेच पा रहे थे और न ही उस सम्पत्ति के वैध उत्तराधिकारी माने जा रहे थे। बिधूड़ी ने कहा कि इस सुविधा का लाभ दिल्ली के 307 गांवों के हजारों किसानों के परिवारों को होगा। जौनापुर के कैंप में आए किसानों ने इस सुविधा पर प्रसन्नता व्यक्त की और साथ ही उपराज्यपाल महोदय को धन्यवाद भी दिया।

इस मौके पर बिधूड़ी ने दिल्ली देहात के लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी अन्य समस्याओं का निदान भी जल्दी ही किया जाएगा। इन समस्याओं में गांवों की विस्तारित आबादी को नियमित कराना, 20 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत भूमिहीनों को मिली जमीन का मालिकाना हक दिलाना, जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है उन्हें वैकल्पिक प्लॉट दिलाना, गांवों में प्रॉपर्टी टैक्स माफ कराना और लैंड पूलिंग पॉलिसी और जीडीए पॉलिसी को शीघ्र लागू कराना शामिल है।

Translate »