पुलिस ने अपराधियों पर कसा शिकंजा, सख्त कार्रवाई से कानून-व्यवस्था हुई मजबूत: नीतीश अग्रवाल
कुरुक्षेत्र (संजय गुप्ता)। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में कारवाई करते हुए वर्ष 2025 के दौरान जिला पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने मे कामयाब रही। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा है। अपराधों की रोकथाम में जिला पुलिस के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों भरा रहा। जिला पुलिस ने वर्ष 2025 में विभिन्न गिरोह के बदमाशों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र पुलिस की कड़ी मेहनत के परिणाम स्वरूप वर्ष 2025 के दौरान हत्या के 23 मामलों में से 21 वारदातों को सुलझाते हुए 64 आरोपियों को काबू कर सलाखो के पीछे भेजा गया। इसी प्रकार गृह भेदन, आर्म्स एक्ट, स्नैचिंग, वाहन चोरी, साधारण चोरी व ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले 25 गैगों से जुड़े 68 आरोपियों को काबू कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। आरोपियों से 41 लाख 45 हजार 600 रूपये की चोरीशुदा संपत्ति व नगदी बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने के साथ ही जिला पुलिस कुरुक्षेत्र की टीम ने वर्ष 2025 के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 56 अभियोग दर्ज कर 58 आरोपियों से 22 देसी पिस्तौल, 30 देसी कट्टे, 71 जिंदा रौंद, 39 खाली खोल, 04 मैगजीन व 03 चाकू बरामद किये गए। जिला पुलिस की विभिन्न टीमों ने वर्षों से फरार चल रहे 49 मोस्ट वांटेड, 76 पीओ व 2 बेल जंपर अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। जिला पुलिस द्वारा जुआ अधिनियम के तहत 75 मामले दर्ज करके 85 आरोपियों से 01 लाख 57 हजार 765 रुपये बरामद करने में सफलता हासिल की है।
