हरियाणा

स्कूल/कालेजों में नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक

कुरुक्षेत्र (संजय गुप्ता)।  पुलिस प्रशासन ने स्कूलों और कालेजों में या शिक्षण संस्थानों में उनके आसपास नशा बेचने व सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के विभिन्न कालेजों के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कालेज प्राचार्यों व प्रतिनिधियों से नशे की सप्लाई को रोकने के लिए शिक्षण संस्थानों से सहयोग करने की अपील की है।

कालेज प्राचार्यों व प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शिक्षा संस्थानों के अन्दर तथा आसपास नशा तस्करी, बिक्री या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके तहत स्कूलों व कालेजों के आसपास नियमित गश्त, सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तथा खुफिया तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ-साथ शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन व स्टाफ से भी सहयोग लेकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन,अभिभावकों व विद्यार्थियों से भी आग्रह किया है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को बिना डर पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

         पुलिस अधीक्षक ने कालेज प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कालेज प्रतिनिधियों ने भी इस अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि शिक्षा संस्थानों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से नशामुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Translate »