नव वर्ष पर कुरुक्षेत्र पुलिस की अनूठी पहल, फूल देकर करवाया यातायात नियमों की गलती का अहसास
कुरुक्षेत्र (संजय गुप्ता)। 1 जनवरी 2026 नव वर्ष के अवसर पर कुरुक्षेत्र पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक सराहनीय और मानवीय पहल की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटने के बजाय उन्हें फूल भेंट कर नियमों के पालन का संदेश दिया गया। जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 1 जनवरी को यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स पर यह अभियान चलाया गया, जहां नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को रोका गया और उन्हें प्यार व समझाइश के साथ यातायात नियमों का महत्व बताया गया। पुलिस कर्मियों ने फूल देकर यह संदेश दिया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए हैं। थाना यातायात शहर प्रभारी निरीक्षक राम करण ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नव वर्ष की शुरुआत सकारात्मक संदेश के साथ करना तथा लोगों में स्वैच्छिक रूप से नियमों के पालन की भावना विकसित करना है। आमजन ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा आगे भी इसी प्रकार के जागरूकता अभियानों के माध्यम से सुरक्षित यातायात और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।
