हरियाणा

मोटरसाईकिल चोरी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरीशुदा मोटरसाईकिल बरामद

कुरूक्षेत्र (संजय गुप्ता)। कुरुक्षेत्र पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात को सुलझाते हुए मोटरसाईकिल चोरी करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्ग-दर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने मोटरसाईकिल चोरी करने के आरोप में गुरदिता सिहं व दीपक वासीयान टीकरी जिला कुरूक्षेत्र व अमनदीप वासी मांडी जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार करके चोरीशुदा मोटरसाईकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को दी अपनी शिकायत में परमजीत सिह वासी असमानपुर जिला कुरुक्षेत्र ने बताया कि वह गुरुनानक देव चेरीटैबल आई हस्पताल गुरुदवारा बाऊली साहिब मे कार्यरत है। दिनांक 25 अप्रैल 2026 को सुबह 8.45 बजे उसने अपनी मोटरसाईकिल हर रोज की तरह हस्पताल की पार्किंग मे खडी की थी। समय करीब 1.30 बजे दोपहर जब उसने मोटरसाईकिल देखी तो वहां नहीं मिली जिसे कोई नामपता नामालूम व्यक्ति चोरी करके ले गया है। जिसकी शिकायत पर थाना शहर पेहवा में मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 द्वारा की गई।

दिनांक 8 मई 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक के दिशा-निर्देश में सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, मुख्य सिपाही संदीप सिंह, दलबीर सिंह व एसपीओ गुरदीप की टीम ने मोटरसाईकिल चोरी करने के आरोपी गुरदिता सिहं व दीपक वासीयान टीकरी जिला कुरूक्षेत्र व अमनदीप वासी मांडी जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से इस मामले की मोटरसाईकिल सहित 4 चोरीशुदा मोटरसाईकिल व एक स्कूटी बरामद की गई। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।

Translate »