स्थानीय

भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं को मिलता है समान अवसर: आदेश गुप्ता 

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के प्रशिक्षण हेतु भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश द्वारा मंडल स्तर तक प्रशिक्षण शिविर चलाए जा रहे हैं। आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मयूर विहार जिले के दल्लूपुरा मंडल के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया और उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर वर्तमान में दिल्ली की राजनीति और भाजपा के नीतियों से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा, जिलाध्यक्ष विनोद बछेती, मंडल अध्यक्ष अमर पाल, निगम पार्षद राजीव कुमार सहित जिले व मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान, भाजपा के कार्यकर्ता और स्वयंसेवी संस्थाएं स्वेच्छा से आगे आए और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोजन, राशन वितरण किया तो वहीं महिला कार्यकर्ताओं ने घरों में मास्क बनाकर वितरित किया। इस तरह के अभियान भाजपा द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं और हम सब मिलकर निस्वार्थ भाव से नियमित रूप से समाज के विकास और उन्नति के लिए कार्य करते हैं, न कि अन्य राजनीतिक पार्टियों की तरह चुनाव से पहले। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा दिया गया योगदान प्रेरणादायी और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों की भावना को समझना चाहिए और पूरी लगन और निष्ठा के साथ काम करना चाहिए।

आदेश गुप्ता ने यह भी बताया कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है और उनकी मेहनत और समर्पण को देखकर विभिन्न पदों पर उनकी नियुक्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि कई राजनीतिक पार्टियां हैं जहां परिवार के सदस्यों को नियुक्त करने की प्रथा है, पूरा परिवार पार्टी के विभिन्न पदों को संभाल रहा है, ऐसी पार्टियां देशहित के ऊपर परिवारवाद को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में चलाई जा रही दिल्ली सरकार सही मायने में फर्जी वादों, दावों और अभियानों की आधारशिला है। केजरीवाल सरकार द्वारा विभिन्न अभियानों, होर्डिंग्स आदि पर 350 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के मुखिया, उनके नेता और कार्यकर्ता एसी कमरे में आराम से बैठे हैं और कोरोना के मामले में बेतहाशा वृद्धि होने के बाद भी किसी भी क्षेत्र का सर्वेक्षण नहीं किया, उचित व्यवस्थाएं तो दूर की बात है।

आदेश गुप्ता ने बताया कि भाजपा दिल्ली के कार्यकर्ता बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के बीच जागरूकता फैलाकर कोरोना महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने पर काम कर रहे है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दिल्ली सरकार को बाजार संघों के साथ मिलकर जागरूकता फ़ैलाने का काम करना चाहिए। दिल्ली सरकार को सिविल डिफेंस की टीम को सड़कों पर प्लेकार्ड देकर खड़ा करने के बजाय सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में सामाजिक दूरी एवं कोरोना से लड़ने में मास्क के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए नियुक्त करना चाहिए।

 

Translate »