स्थानीय

कोरोना वैक्सीन रखने हेतु हिन्दुराव अस्पताल को मिला अल्ट्रा लो डीप फ्रीजर

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिन्दुराव अस्पताल में कोरोना वैक्सीन रखने के लिए आज एयरकॉम इंजीनियरिंग ने अल्ट्रा लो डीप फ्रीजर दान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश व दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की पार्षद राधिका फोगाट उपस्थित थी। इस अवसर पर हिन्दुराव अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अन्नू कपूर व निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने हिन्दुराव अस्पताल को अल्ट्रा लो डीप फ्रीजर दान करने के लिए एयरकॉम इंजीनियरिंग कंपनी व दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की पार्षद राधिका फोगाट का इस कार्य में सहयोग करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह फ्रीजर हिन्दुराव अस्पताल में चल रहे टीकाकरण अभियान में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि पहले वैक्सीन रखने के लिए दूर स्टोरेज वाले स्थानों पर जाना पड़ता था, अब दूर नही जाना पड़ेगा, हम अब इस अल्ट्रा लो डीप फ्रीजर में कोरोना वैक्सीन रख सकेंगे। दूसरे निगम अस्पतालों की वैक्सीन को भी अब हम यहा स्टोर कर सकेंगे।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि यह फ्रीजर टीकाकरण अभियान में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा, जब हम टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में जाएंगे जिस में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगेगा उस में ये फ्रीजर काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये फ्रीजर अन्य कार्यों के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा।
महापौर जय प्रकाश ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम नागरिकों को मुफ्त में सुविधाएं देने में अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि हम सब एक साथ मिल कर बड़ी से बड़ी लड़ाई को जीत सकते हैं। हम सब को एक साथ मिलकर कार्य करना है और निगम को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाना है।

Translate »