स्थानीय

सिद्धार्थन ने दिया ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ का गुरु मंत्र

नई दिल्ली । भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं से बूथ प्रबंधन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ यह मूल मंत्र है। नवीन शाहदरा शाहदरा जिला के कार्यकर्ताओं की एक बैठक में उन्होंने कहा कि बूथ से ही चुनाव की जीत और हार तय होती है। पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी होते हैं और उन्हीं के दम पर चुनाव जीते जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दूसरी बार केंद्र में सरकार बनने और देश के ज्यादातर राज्यों में भाजपा सरकारें इन्हीं कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। दिल्ली नगर निगम के पांचों उप-चुनावों के लिए सभी को कमर कस लेनी चाहिए। इन्हीं उप-चुनावों की जीत से हमें वर्ष 2022 में होने वाले निगम चुनावों में बहुमत मिलेगा।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला करते हुए श्री सिद्धार्थन ने कहा कि गरीब लोगों के लिए झोंपड़ी पक्के मकान लोन देने, मुफ्त पानी-बिजली का वादा, मुफ्त इंटरनेट, शिक्षा व अन्य घोषणाएं हवा-हवाई साबित हुई है। आप की भ्रष्ट और तानाशाही सरकार ने दिल्ली वासियों के साथ छल किया है। यह सरकार जनता के सामने फेल हो गई है और अब जनता भी इस सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की कारगुजारियों और घोटालों को जनता के बीच लेकर जाना चाहिए।
इस अवसर पर महापौर निर्मल जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, अनिल बाजपेई, प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा, दोनों जिलों के अध्यक्ष मास्टर बिनोद कुमार और रामकिशोर शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ताराचंद्र उपाध्याय, श्रीमती स्वाति गुप्ता, जिला महामंत्री मनोज त्यागी, श्रीमती मीनाक्षी, जितेंद्र कंवर, दीपक गाबा, यशपाल कैन्तुरा, अनिल शर्मा, दोनों जिलों के सभी निगम पार्षद सहित प्रदेश, जिले और मंडल के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

Translate »