स्थानीय

सुल्तानपुरी विधानसभा क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं का जाएजा लिया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने सुल्तानपुरी विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रोहिणी वार्ड समिति के अध्यक्ष आलोक शर्मा, पार्षद संजीव कुमार, सोहन पाल, सुश्री राधा देवी, सुश्री बेबी जयराम, मुख्य अभियंता, वीके मल्होत्रा, रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त विवेक प्रकाश व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सुल्तानपुरी रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) के निरीक्षण के दौरान महापौर ने निगम के अधिकारियों को रेलवे विभाग के साथ मिल कर आरयूबी के निर्माण कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट पदार्थों के निपटान की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को क्षेत्र की गलियों में खाली स्थान पर पड़े कूडे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के मद्देनज़र इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कहीं भी कूड़ा और पानी इकट्ठा ना हो। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर मच्छर रोधी दवा का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर ने स्थानीय नागरिकों से बात की और समस्याओं को सुना। महापौर ने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर ने नागरिकों से भी क्षेत्र को स्वच्छ और हरा भरा बनाने में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद करने की अपील की।

Translate »