स्थानीय

निगम कर्मचारियों को ब्लैकमेल कर रहे भाजपा नेता : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री आवास पर धरना दे रहे भाजपा नेता हताश हो चुके हैं। अब भाजपा वाले कर्मचारी यूनियन को अपने साथ धरने पर बैठने की शर्त पर तीन महीने की रुकी सैलरी को देने के लिए ब्लैकमेल कर रहे हैं। दिल्ली वालों के ध्यान नहीं देने से धरने पर बैठे तीनों नगर निगम के महापौर और भाजपा वाले हताश हो गए हैं। वह जनता का ध्यान खींचने के लिए घटिया स्तर की राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम में हुए 2500 करोड़ रुपये के घोटाले की होर्डिंग्स लगने से भाजपा घबरा गई है।
नगर निगम के कर्मचारी उस होर्डिंग को फाड़ रहे हैं और पेड होर्डिंग्स लगाने वालों को नोटिस दिया जा रहा है। भाजपा के लोग इस गलतफहमी में हैं कि होर्डिंग्स फाडऩे से इनके घोटाले का दिल्ली वालों को पता नहीं चलेगा। आम आदमी पार्टी घर-घर जाकर भाजपा के घोटाले के बारे में बताएगी।
मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि कल भाजपा के एक बड़े नेता ने सफाई कर्मचारी संगठन के प्रधानों को अपने घर पर एक बैठक के लिए आमंत्रित किया। बैठक में उन तमाम पदाधिकारियों को धमकाया गया, उनसे कहा गया कि सफाई कर्मचारियों का वेतन तब तक नहीं दिया जाएगा, जब तक कि आप सब लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर के बाहर महापौर के साथ धरने पर नहीं बैठोगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने आदेश में साफ तौर पर कहा है कि हर महीने की 10 तारीख को सफाई कर्मचारियों की पिछले महीने की बकाया तनख्वाह उनको दी जाएगी। साथ ही साथ हाईकोर्ट में बताया जाएगा कि सफाई कर्मचारियों का वेतन दे दिया गया है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर निगम के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवमानना करने का मुकदमा चलाया जाएगा।

Translate »