स्थानीय

निगम आयुक्त संजय गोयल ने रोहिणी व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजय गोयल ने नागरिक सेवाओं का जायजा लेने के लिए रोहिणी सैक्टर-15, 18, 19, राजा विहार और सूरज पार्क व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल, प्रमुख अभियंता के.पी. सिंह, क्षेत्रीय उपायुक्त विवेक प्रकाश व निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संजय गोयल ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने और संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की साफ-सफाई सुचारु सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आयुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र के पार्कों के रख-रखाव को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संजय गोयल और पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल ने लाला बनारसी दास गुप्ता पार्क में पौधारोपण किया। संजय गोयल ने कहा कि हम सभी को पर्यावरण को बचाने के लिए एक-एक पौधा जरूर लगाना चाहिए, ताकि हम पर्यावरण को हरा-भरा बना सके। आज हमारे शहर कंक्रीट के जंगल बनते जा रहे हैं जिसके लिए हम सबको अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है ताकि हम आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को बचा सके। पेड़-पौधे प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के साथ-साथ वर्षा लाने में और ज़मीन के अंदर पानी का संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है। हर व्यक्ति अपने जीवन काल में एक पैधा लगाकर उसे संरक्षित करें, तो हम प्रकृति का संतुलन काफी हद तक सही कर सकते है।

Translate »