स्थानीय

निगम कर्मचारियों को वेतन न मिलने के विरोध में ‘आप’ निगम पार्षदों का जोरदार धरना प्रदर्शन

नई दिल्ली। भाजपा शासित दिल्ली की तीनों नगर निगमों में कर्मचारियों को कई महीने से वेतन न मिलने के विरोध में आम आदमी पार्टी के पार्षदों व नेताओं द्वारा सीविक सेंटर के गेट नं-5 पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। इस धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शन कर रहे आप पार्षदों व नेताओं ने नगर निगम व भाजपा के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। इस दौरान आप पार्षदों ने गेट नं-5 पर ताला भी जड़ दिया। आप के पार्षद कर्मचारियों को वेतन देने की मांग से संबंधित तख्तियां, बैनर व पोस्टर हाथों में लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि करीब दो घंटे तक चले इस धरना प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 30 से ज्यादा पार्षदों को हिरासत में ले लिया। इस धरना प्रदर्शन में उत्तरी दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता विकास गोयल, दक्षिणी निगम में विपक्ष के नेता प्रेम चौहान, पूर्वी निगम में विपक्ष के नेता मनोज त्यागी, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में मनोनीत निगम पार्षद कुलदीप मित्तल सहित भारी संख्या में आप के निगम पार्षद व नेता शामिल थे। इस मौके पर अपनी दिल्ली से विशेष बातचीत के दौरान मनोनीत निगम पार्षद कुलदीप मित्तल ने कहा कि देश की जनता हिन्दुओं के सबसे बड़े त्योहार दिवाली को धूम-धाम से मनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन निगम कर्मचारियों को महीनों से वेतन न मिलने के कारण वे दिवाली तो क्या दो जून की रोटी को तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा नगर निगम में सत्ता में आई है तब से निगम कर्मचारियों विशेष कर सफाई कर्मचारियों को कई मर्तबा महीनों तक वेतन नहीं मिल पाया है, जबकि कोरोना काल के दौरान भी निगम कर्मियों व सफाई कर्मियों ने देव-दूत बन कर दिल्ली की जनता की सेवा की है। श्री मित्तल का यह भी कहना था कि भाजपा व निगम की जनविरोधी नीतियों से निगम के कर्मचारी ही नहीं आम जनता भी पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले निगम चुनाव में भाजपा को तीनों नगर निगमों में सत्ता से बाहर करने व आम आदमी पार्टी को सेवा का मौका देने का मन बना चुकी है।

Translate »