स्थानीय

‘आप’ के दो पार्षदों सहित कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री व दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद विजय गोयल व सांसद हंसराज हंस की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एपीएमसी के पूर्व चेयरमैन, आम आदमी पार्टी के उत्तरी दिल्ली नगर निगम में मनोनीत पार्षद व रोहिणी विधानसभा के अध्यक्ष जय कुमार बंसल और नरेला जोन के पूर्व डिप्टी चेयरमैन व आम आदमी पार्टी की पार्षद श्रीमती अर्चना अपने दल-बल के साथ भाजपा में शामिल हो गई। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के ग्रामीण मोर्चा अध्यक्ष संदीप सहरावत, पूर्व निगम प्रत्याशी अनिल सहरावत, सुल्तानपुर माजरा विधानसभा प्रभारी दलवीर राणा, रोहिणी विधानसभा मंत्री अनिल सिंघल, दिल्ली सरकार स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सदस्य रूपेश गुलाटी व रोहिणी विधानसभा उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार जैन सहित आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रत्यूष कंठ, सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी और मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुये प्रकाश जावडेकर ने कहा कि केजरीवाल मासूम चेहरा बनाकर लोगों से ये पूछ रहे हैं कि क्या वो आतंकवादी है? जबकि केजरीवाल खुद कहते हैं कि वो अराजकतावादी हैं। अराजकतावादी और आंतकवादी में बहुत थोड़ा अंतर होता है। पंजाब चुनाव के दौरान केजरीवाल मोगा में खालिस्तानी कमांडर गुरिंदर सिंह के घर पर रुकते हैं, यह जानते हुए भी कि गुरिंदर सिंह को अदालत ने भगोड़ा करार दिया था और उसपर बम ब्लास्ट के आरोप भी हैं। दिल्ली के लोगों को उनका असली चेहरा नहीं पता था इसलिए उन्होंने केजरीवाल का समर्थन किया, लेकिन पांच साल में केजरीवाल के चेहरे से मासूमियत का नकाब उतर गया है और उनकी पोल खुल चुकी है।
प्रकाश जावडेकर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए हजारों युवा देशभर से आए थे, लेकिन केजरीवाल के अराजक रवैये के बाद आज वो दिख नहीं रहे हैं, यहां तक कि जो लोग केजरीवाल का समर्थन करते थे वो भी मुकर चुके हैं। आज आम आदमी पार्टी शाहीन बाग को समर्थन दे रही हैं, असम को अलग करने की बात, जिन्ना वाली आजादी, जेएनयू में भारत तेरे टुकड़े होंगे एक हजार के नारे लगाने वालों के साथ दे रहे हैं इसलिए केजरीवाल मुकदमा चलाने की भी परमीशन नहीं देते हैं। ऐसे देश विरोधी नारे लगाने वालों के साथ आम आदमी पार्टी खड़ी है। केजरीवाल 26 जनवरी को परेड रोकने की धमकी भी दे चुके हैं और साबित कर दिया कि वो झूठों के सरताज हैं और मूल अराजतावादी है और आतंकवादियों से उनकी खास सहानभूति है और यही केजरीवाल की पहचान है। दिल्ली की जनता अब देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले केजरीवाल के मासूम चेहरे के झांसे में नहीं आयेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि जिन लोगों को दिल्ली के विकास की जिम्मेदारी दी गई वो बस विज्ञापनों में दिखे। दिल्ली को संवराने का काम भाजपा ही कर सकती है और दिल्ली को खुशहाल बनाने की राह पर दिल्ली चल पड़ी है। सबका साथ सबके विकास की नीति से प्रभावित होकर विपक्षी पार्टी के लोग भी भाजपा से जुड़कर समाज के लिए काम करना चाहते हैं।
आम आदमी पार्टी के पार्षद व रोहिणी विधानसभा के अध्यक्ष जय कुमार बंसल ने कहा कि भाजपा विकास की लिए काम करने वाली पार्टी है और आम आदमी पार्टी धोखा देने वाली पार्टी है। आम आदमी पार्टी से जुड़कर हजारों लोग ठगा महसूस कर रहे हैं क्योंकि पार्टी के मुखिया को दिल्ली के लिए काम करने में ही रुचि नहीं थी इसलिए पांच सालों तक बस लोगों को गुमराह किया।

Translate »