स्थानीय

निगम से सौतेला व्यवहार बंद करे केजरीवाल सरकार : आलोक शर्मा

नई दिल्ली। जहां एक ओर नगर निगम के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के कारण हड़ताल पर जाना शुरू कर दिया वहीं दूसरी ओर भाजपा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में भाजपा के निगम पार्षद और रोहिणी जोन चैयरमेन आलोक शर्मा ने सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूरे क्षेत्र में साईकिल से जनजागरण अभियान चलाया। जिसमें जिले के अध्यक्ष देवेन्द्र सौलंकी, जिला महामंत्री सुनील मित्तल, उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल, मण्डल अध्यक्ष योगेश कौशिक, मण्डल प्रभारी सीमा झावर, एक मण्डल के विभिन्न पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर रोहिणी जोन चेयरमैन आलोक शर्मा ने बताया कि जिन निगम कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने कोरोना के काल में जिस प्रकार त्याग और समर्पण के भाव दिल्ली वासियों के लिए कार्य किया । आज उन्हीं कोरोना योद्धाओं को अपने घर के चूल्हे जलाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कोरोना और डेंगू से बचाव के लिए जिस प्रकार निगम कर्मियों ने कार्य किया उसकी सराहना तो दूर केजरीवाल सरकार उनकी तनख्वाह देने के लिए भी फंड जारी नहीं कर रही। एक ओर प्रचार पर दिल्ली सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है वहीं निगम का पैसा देने पर असंवेदनशील रवैया अपनाए हुए हैं। सत्ता के नशे में चूर मुख्यमंत्री केजरीवाल ये न भूलें जब वह कोरोना के भय से घर में दुबके बैठे थे तब यही निगम कर्मी और अधिकारी लोगों के हित के कार्यों के लिए नियमित रूप से कार्यरत थे और आज भी है। केजरीवाल अपना राजनैतिक हठ छोड़ दिल्ली की जनता के विकास कार्य के लिए जल्द से जल्द निगम कि बकाया राशि 13 हजार करोड़ को जारी करें।

Translate »