स्थानीय

दिल्ली भाजपा ने लौह पुरुष  सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली । भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की आज पुण्यतिथि है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित प्रदेश पदाधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी की चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि समस्त भारतवर्ष के प्रेरणास्रोत लौह पुरुष  सरदार वल्लभभाई पटेल जी के दृढ़ नेतृत्व व राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को जब भारत आजाद हुआ, तब देश में 550 से ज्यादा छोटी-बड़ी रियासतें थीं। इनमें से कई रियासतों ने आजाद रहने का फैसला किया था, लेकिन सरदार पटेल जी ने इन सबको मिलाकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके द्वारा रखी गयी मजबूत नींव पर भारत आज विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। उनके विचार हम सब के हृदय में सदैव जीवित हैं।

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि किसान परिवार में जन्मे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी को उनकी कूटनीतिक क्षमताओं के लिए सदा स्मरण किया जाता है। वह नवीन भारत के निर्माता व राष्ट्रीय एकता के बेजोड़ शिल्पी थे और भारतीय राष्ट्रीय आन्दोलन को वैचारिक एवं क्रियात्मक रूप में एक नई दिशा देने का कार्य किया। उनके व्यक्तित्व में संगठन कुशलता, राजनीति सत्ता तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट निष्ठा थी। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने जिस असीम उत्साह और अदम्य साहस से एक नए-नए जन्में गणराज्य की प्रारम्भिक कठिनाइयों का समाधान किया, उसके कारण देश ही नहीं बल्कि विश्व के राजनीतिक पटल पर उन्होंने अपना अमिट स्थान बनाया। उनके दिखाए मार्ग हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदा प्रेरित करते रहेंगे।

 

Translate »