स्थानीय

दिल्ली में 240 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया उपवास

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार से नगर निगमों के बकाया 13,000 करोड़ रूपये की मांग को लेकर आज तीनों नगर निगमों के महापौरों एवं धरने पर बैठे पार्षदों ने आज अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारम्भ की। उनके समर्थन में आज दिल्ली के 6 संसदीय क्षेत्रों में लगभग 40,000 कार्यकर्ताओं ने 240 स्थानों पर उपवास धरना प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया।
6 संसदीय क्षेत्रों के 12 जिलों में 240 मंडलों में कार्यकर्ताओं ने उपवास धरने आयोजित हुये जिनका नेतृत्व जिला अध्यक्षों राजकुमार भाटिया, विकेश सेठी, मोहन गोयल, मास्टर बिनोद कुमार, रामकिशोर शर्मा, विनोद बछेती, देवेन्द्र सोलंकी, बजरंग शुक्ला, सचिन भसीन, विजय सोलंकी, जगमोहन महलावत एवं रोहताश बिधूड़ी के साथ क्षेत्रीय मंडल अध्यक्षों ने किया।
प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पार्षद भी अपने गृह मंडलों में उपवास धरनों में सम्मिलित हुये। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता बुराड़ी, सिविल लाइन्स एवं पटेल नगर मंडल में उपवास धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं के बीच गये और उन्हें सम्बोधित किया।
बदरपुर में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, रोहिणी में विधायक विजेन्द्र गुप्ता, विश्वास नगर में विधायक ओम प्रकाश शर्मा, घौण्डा में विधायक अजय महावर, करावल नगर में विधायक मोहन सिंह बिष्ट, लक्ष्मी नगर में विधायक अभय वर्मा, गांधी नगर में विधायक अनिल बाजपेई, रोहताश नगर में विधायक जितेन्द्र महाजन, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा मुख्यमंत्री आवास के बाहर उपवास धरनों में सम्मिलित हुये और कार्यकर्ताओं प्रोत्साहित किया।
बुराड़ी एवं अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देव तुल्य हैं क्योंकि वह हमेशा देश और समाज के हित में संघर्ष करते हैं। नगर निगमों के बकाया 13,000 करोड़ रूपये की मांग को लेकर आज दिल्ली भर में उपवास करके भाजपा कार्यकर्ताओं ने साबित कर दिया कि वह जनता के हितों के लिये संघर्ष करने को हमेशा तत्पर तैयार रहते हैं।

Translate »