स्थानीय

दिल्ली बीजेपी उम्मीदवारों ने निगम उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया

नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में आज दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी पांचों उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा के अन्य नेता और पदाधिकारी भी मौजूद थे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नेतृत्व में शालीमार बाग से सुरभि जाजू ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय कंझवाला में अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा और केशवपुरम के जिला अध्यक्ष राजकुमार भाटिया भी मौजूद थे। सुरभि जाजू के साथ निगम पार्षद अंजू जैन, तिलक राज कटारिया, सुजित कुमार के अलावा पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि शालीमार बाग शुरु से ही भाजपा का अपना घर रहा है और इस बार भी भारतीय जनता पार्टी बड़ी जीत दर्ज करने वाली है। चुनाव के दिन अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए जागरुक करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर उनसे बातचित करेंगे ताकि लोग अपने मतों का सही उपयोग करें।
भाजपा सांसद हंसराज हंस और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में रोहिणी सी से उम्मीदवार राकेश गोयल ने भी अपना नामांकन एसडीएम ऑफिस अलीपुर में दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह और जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सोलंकी उपस्थित थे।
भाजपा विधायक अजय महावर के नेतृत्व में चौहान बांगर से उम्मीदवार मो. नजिर अंसारी ने एसडीएम ऑफिस सीलमपुर में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उत्तर-पूर्वी जिला अध्यक्ष मोहन गोयल पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे।
भाजपा विधायक अभय वर्मा और ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में कल्याणपुरी से सियाराम कनौजिया और त्रिलोकपुरी ईस्ट से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश गुंगरवाल ने एसडीएम ऑफिस शास्त्री नगर, गीता कॉलोनी में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा और मयूर विहार से जिला अध्यक्ष विनोद बछेती भी मौजूद थे।

Translate »