स्थानीय

विपक्ष के झूठे दावों का पर्दाफाश करना है : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास के लिए हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए वो कार्य किए हैं जो आज तक कभी नहीं हुए थे, लेकिन मीडिया के एक वर्ग की बेरुखी और विपक्ष के भ्रम जाल के कारण हम अपनी उपलब्धियों को जनता तक सही ढंग से नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि अब भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर दोहरी जिम्मेदारी है कि वे मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाएं और विपक्षी दुष्प्रचार का भी मुंहतोड़ जवाब दें।
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की शुरुआत दीप प्रज्जवलन और वंदे मातरम से हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद मनोज तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेन्द्र गुप्ता, सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सांसद रमेश बिधूड़ी, सांसद गौतम गंभीर, असम भाजपा के सह-प्रभारी पवन शर्मा, जम्मू-कश्मीर के सह-प्रभारी आशिष सूद सहित अन्य प्रदेश और जिला के पदाधिकारी उपस्थित थे। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया।
प्रदेश कार्यकारिणी के मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने गत 7 वर्षों में जो काम किए हैं वे अपने आप में मिसाल हैं। वर्तमान कालखंड में महामारी के दौर का ना ही किसी को आभास था और न किसी को पता था कि इस बीमारी से कैसे निपटा जाए। देश में न तो दवाई थी न इतनी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, फिरर भी नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ महामारी से निपटने का जो इंतजाम किए और जनता को गुरुमंत्र दिया, उससे पूरा विश्व हैरान है। जिस भारत में महामारी के दौर में न पी.पी.ई. किट थी, न मास्क और न दवा वह आज हर मामले में विश्व में नंबर वन है। स्वास्थ्य उत्पादों के साथ ही श्री मोदी ने टीका का उत्पादन कर भारत को गिने चुने देशों की श्रेणी में ला दिया। उन्होंने कहा कि हमने जो भी प्रगति की है, विकास यात्रा की जानकारी लोगों तक पहुंचाना हम सबका फर्ज है। हमें अपनी उपलब्धियों को गर्व के साथ जनता को बताना है और विपक्ष की झूठ पर आधारित दावों का भी पर्दाफाश करना है।
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार सक्रिय रहने वाला संगठन है जिसके लिए अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी राहत और मदद करने का लक्ष्य लेकर चलता है।

Translate »