स्थानीय

निगम के आयुक्त ने ‘जल शक्ति अभियान’ के तहत किया पौधारोपण

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजय गोयल ने बी-22, राजा पार्क, वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में (जल शक्ति अभियान : कैच द रेन) कार्यक्रम के अंतर्गत मिनी फारेस्ट के विकास के लिए पौधारोपण किया। इस अवसर पर नेता विपक्ष विकास गोयल, निदेशक (उद्यान), आशीष प्रियदर्शी, क्षेत्रीय उपायुक्त विक्रम सिंह व निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र में 5 मिनी फॉरेस्ट विकसित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है और इन मिनी फारेस्ट को अगले दो सप्ताह की अवधि में ‘जल शक्ति अभियान : कैच द रेन’ कार्यक्रम के तहत विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज विभाग द्वारा लगभग 300 विभिन्न देशी पौधे लगाए गए हैं और निकट भविष्य में 700 और पौधे (फलदार पौधे सहित) लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये मिनी फारेस्ट : 1) सी-ब्लॉक स्थित पार्क, आजादपुर मंडी, 2) बी-2, ब्लॉक पार्क, प्राथमिक विद्यालय के पास, सुलतानपुरी, 3) जी-ब्लॉक पार्क, प्रशांत विहार, 4) पॉकेट-2, पार्क, सैक्टर-25, रोहिणी, 5) पॉकेट-8 पार्क, सैक्टर-24, रोहिणी। उन्होंने बताया कि निगम ने कुल 9 मिनी फारेस्ट में से 4 मिनी फॉरेस्ट विकसित किया जा चुका है और बाकी पांच अगले दो सप्ताह में विकसित किए जाएंगे। इसके लिए पौधे रोटरी कलब द्वारा उपलब्ध करवाये जायेंगे।
श्री गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पिछले साल 27330 पेड़ और 37756 झाड़ीनुमा पौधे लगाए गए थे और इस साल भी 20,000 पेड़ और 30,000 झाड़ीनुमा पौधे लगाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण भी भूजल और वर्षा जल के संरक्षण में मदद करता है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि नागरिकों को स्वच्छ हवा और शुद्ध वातावरण मिल सके।

Translate »