स्थानीय

महापौर ने मिनी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए पौधारोपण किया

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने आजादपुर मंडी स्थित सी-ब्लॉक पार्क में ‘जल शक्ति अभियान : कैच द रेन’ कार्यक्रम के अंतर्गत मिनी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए पौधारोपण किया। इस अवसर पर शिक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा गुप्ता, सिविल लाईंस वार्ड समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार त्यागी, आयुक्त संजय गोयल, उद्यान निदेशक आशीष प्रियदर्शी, क्षेत्रीय उपायुक्त सतनाम सिंह व निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आजादपुर मंडी स्थित सी-ब्लॉक पार्क में पौधारोपण कर के इस पार्क को मिनी फारेस्ट बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ‘जल शक्ति अभियान : कैच द रेन’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों को मिनी फारेस्ट के रूप में विकसित कर रही है ताकि दिल्ली को और हरा-भरा व प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगभग 1000 विभिन्न देशी पौधे लगाए गए हैं और मानसून के दौरान 500 और पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लगभग 20 से 25 विभिन्न प्रकार के पौधे और झाड़ीनुमा पौधे इस पार्क में लगाए गए है। उन्होंने बताया कि मिनी फारेस्ट विकसित करने के लिए पौधे रोटरी कलब द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे है और रोटरी क्लब इन पौधों की देखरेख में भी मदद करेगा ।
राजा इकबाल सिंह ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पिछले साल 27330 पेड़ और 37756 झाड़ीनुमा पौधे लगाए गए थे और इस साल भी 20,000 पेड़ और 30,000 झाड़ीनुमा पौधे लगाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण भी भूजल और वर्षा जल के संरक्षण में मदद करता है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि नागरिकों को स्वच्छ हवा और शुद्ध वातावरण मिल सके।

Translate »