हरियाणा

डबल इंजन की सरकार में बदहाली से परेशान है नरवाना की जनता : भारत भूषण गर्ग

नरवाना (छबीलदास कंसल)। पिछले आठ वर्षों से केन्द्र की सरकार में व पिछले ढाई वर्षों से हरियाणा सरकार में नुमाइन्दगी के बावजूद भी नरवाना की जनता सरकारों की उपेक्षा का शिकार है और बदहाली में जीवन जी रही है। यह आरोप नगर परिषद् के पूर्व चेयरमैन व वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण गर्ग ने मौजूदा केन्द्र व राज्य सरकार पर लगाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक व सांसद के होते हुए भी शहर की हालत बद से बदतर हो गई है। पूरे शहर में अव्यवस्था व अराजकता का माहौल है। शहर की सीवरेज व्यवस्था ठप्प पडी है। बारिश के दिनों में शहर तालाब बन जाता है। शहर की बाहरी कालोनियों के लोग पीने के पानी को तरस रहें हैं। सबसे अधिक अव्यवस्था का माहौल हाऊसिंग बोर्ड, प्रोफेसर गली, आजाद नगर, शास्त्री कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, धर्म सिंह कॉलोनी, नई बस्ती व रामनगर में है। यहाँ लोगों का जीवन नरकीय है मगर प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। शहर का नगर परिषद् तो भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। नगर की योजनाओं के लिए आई ग्रांट का कुछ अता पता नहीं है। शहर की गलियाँ टूटी पडी हैं और स्ट्रीट लाइट बंद है। प्रोपर्टी आईडी के नाम पर शहर के लोगों को परेशान किया जा रहा है। शहर के पार्क बदहाली के आँसू रो रहे हैं। यदि कोई खुश है तो करोडो रूपये डकारने वाले ठेकेदार और कमीशनखोर अधिकारी। कहीं कोई सुनवाई नहीं है। परिषद् के कर्मचारी व अधिकारी लोगों से दुव्र्यवहार करते हैं। शिकायत करने पर पुलिस की धमकी दी जाती है। ऐसे में शहरवासी अपने आपको असहाय महसूस कर रहें हैं और डबल इंजन सरकार को पानी पी कर कोस रहे हैं। गर्ग ने शहरवासियों से इन भ्रष्ट अधिकारियों व सोये हुए जनप्रतिनिधियों के विरूद्ध एकजुटता की अपील की है। जनता का दबाव ही एकमात्र आशा की किरण है जो अंधी-बहरी सरकार को चेता सके। उन्होंने यह माँग भी रखी कि सरकार जल्द से जल्द स्थानीय निकायों के चुनाव करवाये ताकि जनता को खुद की सरकार चलाने का संवैधानिक मौका मिल सके। भारत भूषण गर्ग ने शहरवासियों से भी अपील की कि वह उन्हीं व्यक्तियों को चुनें जिनका जनसरोकारों से संबंध हो।

Translate »