हरियाणा

नशे के कारण प्रत्येक 4 सेकंड में एक व्यक्ति की मृत्यु, चिंता का विषय- नशा छोडो जीवन से नाता जोड़ो : डॉ. अशोक  

अम्बाला (हितेश सचदेवा)। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह साहब के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन साहब के आदेशानुसार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा प्रतिदिन नशे के विरुद्ध युवा पीढ़ी को जागरूक कर रहे हैं। वे आज अम्बाला ज़िले में पहुंचे हुए थे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पसियाना में एक दिवसीय 71 वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जागरूकता कार्यक्रम में 177 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशा दो प्रकार का है। एक प्रतिबंधित और दूसरा अप्रतिबन्धित। दोनों प्रकार के ही नशे मनुष्य के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रति वर्ष भारत में 17 लाख लोग मृत्यु को प्राप्त होते हैं। केवल धूम्रपान के कारण प्रत्येक 4 सेकंड में एक व्यक्ति की मृत्यु हो रही है। उन्होंने बताया कि नशे की रोकथाम के लिए हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो का गठन किया गया है। ब्यूरो द्वारा पिछले 11 माह में 3471 अभियोग अंकित किए गए हैं जिसमें 4670 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के साथ साथ उनके सहयोगियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के भीतर देश प्रेम की भावना को सृजित किया। उन्होंने आगे कहा कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को स्वतंत्र कराया क्या उन्होंने कभी सोचा होगा कि आज का युवा नशे में ग्रस्त होगा। उन्होंने कविता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया और 9050891508 पर नशे के अपराधियों की गुप्त सूचनाएं देने के लिए प्रेरित किया और नशे से दूर रहने की शपथ ग्रहण करवाई गयी।  

Translate »